जो मर गये या मार दिये गये
>> 12 April 2010
जो मर गये या मार दिये गये
वे तराजू के पलड़ों की तरह हैं
जिन्हें तौला जाता रहा है
बारी-बारी
कम और ज्यादा की तरह ।
फर्क सिर्फ इतना है कि
कुछ भुला दिये गये थे, मरने से पहले
और कुछ भुला दिये जायेंगे, मरने के बाद
हमेशा के लिये ।
रहेगी तो बस गिनती
उन सभी जमा सरकारी कागजों में
जो धूल चाटते हैं
बंद किसी कोने में ।
बावजूद इसके
भूख और नंगेपन के साथ
फिर से जमा हो जायेंगे
हाथ में बन्दूक लिए
मर गये या मार दिये गये
श्रेणी के लिए
अनगिनत उम्मीदवार ।
तुम बस खुश रहना
क्योंकि
फिलहाल तुम उनमें से कोई नहीं ।

