Showing posts with label Love. Show all posts
Showing posts with label Love. Show all posts

ज़िंदगी के साइड इफेक्ट्स

>> 13 July 2015

कहीं किसी रोज़ में मिलूँगा तुमसे किसी अजनबी की तरह. हम जानते हुए भी नहीं बोलेंगे एक लफ्ज़ भी. तुम मुझे भुला दिए हुए किसी ख्वाब सा सोचोगी फिर भी. मैं जानकार भी अनजान बना रहूँगा तुम्हारी उपस्थिति से. क्या इतने पर भी भुला दी जाएँगी चाँदनी रात में तेरी गोद में सर रखकर जागी रातें. क्या भुला दोगी तब तक, तेरे गालों की हँसी पे लुटाया था हर दिन थोडा थोडा, क्या मेरे सीने में तब भी धड़केगा दिल वैसे ही.
क्या चाहकर भी नहीं जानोगी उस कही कविता के हश्र के बारे में. जिसे किसी एक रोज़ सिरहाने पर रखी किताब में पढ़ना चाहा था तुमने. क्या याद होगा तुम्हें वो नाम अब तक जो पुकारा करती थीं मोहब्बत भरे दिनों में. क्या साँसे वैसी ही चलती होंगी या सीख लिया होगा तुमने कोई नया कैलकुलेशन.
जब हम मिलेंगे फिर से कभी कहीं. क्या तुम उधार दे सकोगी अपनी मुस्कराहट उस पल के लिए. या सिमट जाओगी खुद में ही और कहोगी कि तुम बेहतर हो. और पूँछ कर तुम मिटा देना चाहोगी कि तुम कैसे हो, पुरानी सभी संभावनाओं को.
मैं फिर भी उस दिन को भर लूँगा अपनी आँखों में और सोचूँगा कि तुम अब भी नहीं उबरी हो जिंदगी के साइड इफेक्ट्स से.

Read more...

मन का पोस्टमार्टम-1

हम सब एक दिन चले जाने के लिए ही आये हैं लेकिन क्या हम वो कुछ कभी कर पाए जो करने के लिए हमारा दिल आ आकर गवाहियाँ देता है. मन काउंसलर बना हमें बार बार समझाता है कि तुम ये नहीं, ये करने के लिए बड़े भले लगते हो.
कितनी दफा सुनते हैं हम अपने काउंसलर मन की आवाजों को. क्या अन्य तमाम तरह की आवाजों की तरह ये आवाजें भी गम हो जाने के लिए लगायी जाती हैं.
असल में हम हर रोज़ ही अपने आप से कितना दूर होते चले जाते हैं. अपनी पीतल पर सोने का झूठा रंग चढ़ाये जाते हैं और भूल जाते हैं कि ये कच्चे रंग एक दिन उतर जाने हैं.
जब हमारा मन पहली बारिश में नाचने का करता है तो क्या हम नाच पाते हैं. क्या हम दिल में अटकी किसी बात को होठों तक ला पाते हैं. क्या हम खुले रास्तों पर गाने का दिल होने पर गा पाते हैं.
फिर वे कौन से क्षण होंगे जब हम जी सकेंगे जिसे हम दुनियादारी में भुला आये हैं. क्या पानी का वो सोता हम दुनिया के सामने खोल सकेंगे.

Read more...

कस्बाई मोहब्बत

अभी दौड़ती भागती ज़िन्दगी ने वहां दस्तक नहीं दी थी. किसी को भी कहीं पहुँचने की बेताबी नहीं थी. इक छोटा सा क़स्बा था. अभी भी अपने होने की पहचान लिए खड़ा था.
ना तो उसे रफ़्तार का शऊर आया था और नाहीं उसे अपने सुस्ताने का कोई ग़म. चन्द दुकाने थीं कहने को, जिससे जीवन अपनी इच्छाएं पूरी करने में समर्थ था. नई इच्छाएं उग आने का फिलहाल कोई ख़ाद पानी डाला नहीं गया था.तो बंद मुट्ठी से जीवन में भी ख़ुशी कम नहीं आंकी जाती थी.
इन्हीं क़स्बाई दिनों में उसकी धड़कने संगीत सी बजने लगती थीं. जब जब वो बस की उस खाली सीट पर आ बैठती. जिसे कितने ही जतन से वो एक लम्बी दूरी से बचाए हुए आता. उस एक रूट की एक ही बस तो थी वो. जिसे वापसी में भी सवारियां भर उन्हें उनके गांवों और कस्बों में छोड़ना होता.
बाद के दिनों में धीरे धीरे बाकी की सवारियों ने उसके पास की सीट पर बैठना ही छोड़ दिया था. और जब उसके क़स्बे के जबरन बनाये गए बस स्टैंड नुमा जगह पर बस रूकती तो वह आती और उस सीट पर बैठ जाती.
कितना कुछ अनकहा था जो उमड़ता रहता मन के भीतर और हर रोज़ ही मोहब्बत का पौधा कुछ और बढ़ जाता.
अभी तक स्मार्ट फ़ोनों ने ठीक से दस्तक नहीं दी थी. कुछ शौक़ीन जबरन ले भलें आते थे लेकिन बिना इन्टरनेट उस पर खेले गेम ही जाते थे या जब मन ऊब जाये तो तसवीरें खीच लो और गाने सुन लो.
लड़के के पास एक पुराना मोबाइल तो था लेकिन वो उसके इश्क़ में कोई मददगार नहीं हो सकता था. लड़की कस्बों में मोबाइल नहीं रखा करती थीं. और नंबर की अदला बदली की नहीं जा सकती थी.
तब ऐसे ही किसी रोज़ बस के शहर में रुकते और लड़की के उतरते हुए. लड़का दौड़ा था फिर पास आकर लड़के ने लड़की का छूट गया बैग थमाया था. घबराहट और शर्माने की मिली जुली प्रतिक्रिया में लड़की धन्यवाद कहना भी भूल गयी थी. हाँ कुछ दूरी तक चलते हुए एक बार उसने मुड़कर देखा था. तब लड़का उसे वहीँ खड़ा हुआ दिखा था. उसे जाते हुए देखते हुए.
तब असल में उनकी उस प्रेम कहानी का पहला दिन था. शायद पहला क्षण. उस एक रोज़ के उस वाक्ये ने बीच की खायी को पाट दिया था. जिस पर चल वे दोनों मिल सकते थे. एक दूसरे की भावनाओं को महसूस सकते थे.
उसी इक दिन में कितना कुछ बदल गया था. अब लड़के की एक पहचान थी. उसका कोई एक नाम था जो जाना जा सकता था. और शायद मोहब्बत में पड़ वो नाम अपनी स्मृतियों में लिखा जा सकता था.

Read more...

प्रेम में होना

>> 09 July 2015

सबसे मुश्किल है प्रेम में होकर प्रेम गीत लिखना या लिखना कोई एक प्रेम कहानी. प्रेम में होना बना देता है साधारण सी प्रतीत होने वाली भावनाओं को दुरूह. प्रेम फिर केवल प्रेम भर नहीं रह जाता.
वो हो जाता है हिमालय की चोटी पर पहुंचे उस नई नई उम्मीदों से भरे पर्वतारोही सा. वो दिखता है, सुनाई पड़ता है लेकिन फिर भी अंत में आकर महसूसना भर रह जाता है.
बावजूद इसके कि करते हैं आप लाख प्रयत्न प्रेम नहीं सिमट कर आता किसी प्रेम कविता में.
प्रेम जतलाया जाना भी हो जाता है धीरे धीरे स्वंय जैसा. और आप रीते खड़े असहाय से बोल देते हैं पहले से बोलते आ रहे शब्दों को.
प्रेम बेजुबान एक स्वाद है. प्रेम बिना आवाज़ों का कोई संगीत जो बजता है भीतर ही भीतर और आप महसूसते हो उसे हर इक नए क्षण.
प्रेम केवल होना ही भर नहीं है.

Read more...

आने वाली प्रतीक्षा

>> 17 November 2012

ऐसा लग आने पर भी कि शाम अँधेरे से घिरने को है वह उसके आने की प्रतीक्षा करता रहता। वहीँ प्रतीक्षा के मुहाने पर खड़ा हो प्रतीक्षा करते रहना न जाने उसने कहाँ से सीखा था। या कि शायद समय के प्रवाह के साथ बहते बहते वह स्वंय ही इसका आदी हो चुका था .

और जब लड़की आती तो वह हमेशा उससे कहती "मैं हमेशा इंतज़ार कराती हूँ ना" और लड़का उसके इस तरह कहने पर चुप हो जाता . प्रारंभ के दिनों में लड़का उससे कहा करता कि "नहीं तो". बाद के दिनों में वह उत्तर दिए बिना ही कह देता और लड़की उसके बोले बिना ही उस उत्तर को सुन लेती। 

लड़की कभी उससे न पूछती कि उसने उस बीते हुए समय में क्या किया . जबकि वह अपने दफ़्तर में थी और वह यहाँ उस समय के एक सिरे से दूसरे सिरे तक जाकर  वापस आता हुआ, उन प्रतीक्षा की सुइयों का टिकटिकाना  गिना करता . शायद उन दोनों के मध्य कई सारे ऐसे प्रश्न थे जो कभी कभी लगता की जानबूझ कर या तो किये नहीं  या उन्हें टाल दिया गया .

लड़का हर रोज़ सोचता कि यदि किसी एक रोज़ वह उससे पूछ बैठी कि उसके आने से पहले उसने क्या क्या किया ? तो वह उसे क्या उत्तर देगा . कभी कभी उसका सारा दिन उन्हीं उत्तरों की  खोज़ में बीत जाता . और कभी कभी वह उन प्रश्नों के बारे में सोच सोच कर समय बिता देता जो कि कभी पूछे नहीं गए किन्तु पूछे जा सकते थे .

वह उसे कभी कभी बताना चाहता कि आज दोपहर भर उसने उस बगीचे में बैठे प्रेमी युगल को देखा जो सुबह से शाम  वहाँ था और उसके आने से पहले वहां से चला गया . किन्तु वह उसका चाहना भर होता क्योंकि तब उसे यह भी बताना होता कि उसके पीछे उसकी प्रतीक्षा करना आसान है या कठिन . और यही सोच कर वह उस प्रेमी युगल को अपनी स्मृतियों से क्षण भर के लिए भुला देता . किन्तु वे वहीँ रहते . एक नए दिन में उसकी प्रतीक्षा में मददगार  बनने के लिए .

और कभी कभी वह सोचता कि यदि वह उसे बताएगा कि सिनेमा के पोस्टरों को देखना उसका शौक है तो क्या वह उसके शौक पर हँसेगी या कहीं ऐसा तो नहीं कहेगी कि पोस्टरों को देखना भी भला कोई शौक हो सकता है . किन्तु वह जानता था कि पोस्टरों की भी अपनी एक दुनिया है . वह कैसे बताता कि फिल्म को देखे बिना वह पोस्टरों से उन फिल्मों की कहानियाँ बनाना भी उसका अपना शौक है . वह प्रतीक्षा के क्षणों में कई कई बार ऐसा करता . और जब कभी लड़की उससे वह फिल्म देखने का प्रस्ताव रखती तो वह कोई न कोई बहाना बना कर उसे टाल देता . वह नहीं चाहता था कि उसकी सोची हुई कहानी के विपरीत कोई और कहानी निकले . और यदि वही कहानी निकली जो कि उसने सोची थी तो फिर उसे फिजूलखर्ची महसूस होती . वह ऐसी कोई फिल्म देखना चाहता था जो कि उसने देख कर भी न देखी हो .

कभी कभी वह उन प्रतीक्षा के क्षणों में इतना सुख भोगने लगता कि लड़की उसे आकर जताती कि वह आ गयी है . और तब वह अँधेरा और भी घना हो जाता। बीते हुए दिन के धब्बे कहीं कहीं उभर कर उसके सामने आ जाते .

और वह एक नए दिन की प्रतीक्षा में उस आने वाली रात को बिता देता .

Read more...

होना, होते रहना

>> 11 June 2011

-तुम मुझे बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते ।
-बिल्कुल भी नहीं ?
-ह्म्म्मम्म .....बिल्कुल भी नहीं ।
-इत्ता सा भी नहीं ?
-अरे कहा ना बिल्कुल भी नहीं फिर इत्ता सा कैसे कर सकती हूँ ।
-"मैं सोच रहा था कि इत्ता सा तो करती होगी ।" कहते हुए मैं मुस्कुरा जाता हूँ ।

वो उठकर चल देती है । मैं सिगरेट फैंक देता हूँ और उसके पीछे चलने लगता हूँ ।
-अच्छा बाबा मान लिया कि तुम इत्ता सा भी प्यार नहीं करती । अब ठीक ....खुश

वो आगे बढ़ते हुए पत्थर उठाकर नदी में फैंकते हुए कहती है "तुम सिगरेट पीते हुए बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते । "
-बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता क्या ?
-नहीं, बिल्कुल भी नहीं
-अच्छा तो ठीक है, कल से बीड़ी पीना शुरू करता हूँ ।
-ओह हो...तुम ना...करो जो करना है मुझे क्या ?

मैं मुस्कुरा जाता हूँ ।
-हाँ, तुम्हें क्या ? देखना कोई मुझे जल्द ही ब्याह के ले जायेगी और तुम बस देखती रहना ।

वो खिलखिला कर हँस पड़ती है ।
-जाओ जाओ बड़े आये ब्याह करने वाले । कौन करेगा तुम से शादी ?
-क्यों तुम नहीं करोगी ?
-मैं तो नहीं करने वाली ।
-क्यों ?
-क्यों, तुमने कभी कहा है कि तुम मुझसे शादी करना चाहते हो ।

मैं मुस्कुराते हुए कहता हूँ -
-क्यों, कभी नहीं कहा ?
-चक्क (अपनी जीभ से आवाज़ निकलते हुए वो बोली)
-कल, परसों या उससे पहले कभी तो कहा होगा (मुस्कुराते हुए)

वो नाराज़ होकर चल देती है ।
-"अच्छा ठीक है । नहीं कहा तो अब कह देता हूँ ।" (मैं उसका हाथ पकड़ कर रोकते हुए कहता हूँ )

मैं उस बड़े से पत्थर पर चढ़ जाता हूँ और कहता हूँ
-सुनो ए हवाओं, ए घटाओं, ए नदी, पंक्षियों और हाँ पत्थरों । मैं अपनी होने वाली बीवी से जो मुझे इत्ता सा भी प्यार नहीं करती और जिसे मैं इत्ता सा भी अच्छा नहीं लगता, बहुत प्यार करता हूँ । मैं उससे और सिर्फ उसी से शादी करना चाहता हूँ । (कंधे ऊपर करते हुए मैं उसको देखकर मुस्कुराता हूँ !)
-होने वाली बीवी ? (वो बोली )
-हाँ (मुस्कुराते हुए )
-तुम ना टूमच हो कहते हुए वो मुस्कुरा जाती है ।

वो चल देती है । मैं पीछे चलते हुए सिगरेट जला लेता हूँ । वो पीछे मुड़कर देखती है और पास आकर सिगरेट छीनकर फैंक देती है । प्यार से "आई हेट यू" जैसा कुछ बोलती है ।

Read more...

तुम बिन मेरी भाषा की पवित्रता बची नहीं रह जाती

>> 15 May 2011

सुबह से शाम तक तुम्हारी आवाज़ के लिए तरसता रहा. हमारी स्मृतियों के आईने में तुम्हारा होना खोजता रहा. उलट-पलट के उन बीत गए बेतरतीब पलों की श्रंखलित कड़ियाँ बनाने का प्रयत्न करता रहा किन्तु हर नए क्षण यह ख़याल हो आता की किस पल को कहाँ जोडूँ. हर लम्हा जो तुम्हारे साथ बिताया है वो बेशकीमती है. तुम्हारी उजली हंसी की खनक कानों में रह-रह कर गूंजती रही. मन की रिक्तता को भरने का बहुत प्रयत्न किया किन्तु तुम नहीं तो कुछ भी नहीं. तुम जब पास होती हो तो कुछ भी और पा लेने की तमन्ना बची नहीं रह जाती. जीवन में तुम्हारे सिवा मुझे और कुछ नहीं चाहिए. तुम हो तो सब कुछ है, नहीं तो कुछ भी नहीं.

भावनाओं के समुद्र से तैरकर बाहर आने का मैं लाख प्रयत्न करूँ किन्तु हर बार ही डूब-डूब जाता हूँ. कई दफा मैंने इसके परे भी जाने का प्रयत्न किया है और जानना चाहा है कि क्या यह केवल प्रेम की कोमल भावना ही है ? इसके अतिरिक्त और कुछ नहीं ?

मन का पोस्टमार्टम कर देने से केवल उसकी चीर-फाड़ ही संभव है. उसमें बसी आत्मा फिर भी कहीं रह जाती है. सच कहूँ तो तुम मेरे मन की वह आत्मा हो.

देर रात तक करवटें बदलता रहा. मन उदासियों से भरा हुआ था. कई दफा मन को बहलाने का प्रयत्न करता रहा. किन्तु यह संभव ना हो सका. तुम्हारे बिना कुछ भी तो अच्छा नहीं लगता. ना गीत गुनगुनाना, ना कविता बुनना और ना ही किसी कहानी की तिकड़मबाज़ी करना. तुम बिन मेरी भाषा की पवित्रता बची नहीं रह जाती.

दो बजे हैं और चार को तुम्हें जगाना भी है. जहाँ दूर कहीं तुम न जाने सो रही होगी या जाग रही होगी. जानता हूँ यही कहोगी कि देखना तबियत ख़राब कर ली तो तुम से बात नहीं करुँगी.

अभी-अभी मर जाने का ख़याल आया और मैंने उसे चले जाने दिया. याद हो आया तुम्हें मेरे साथ एक लम्बी जिंदगी जीनी हैं.

Read more...

तुम्हारे बिना मैं सूखी नदी हूँ

>> 12 May 2011

कल शाम जब रेल प्लेटफोर्म को छोड़ चली गयी, बाद उसके मुझे उदासियों ने आ घेरा. और फिर हर नए सैकण्ड लगने लगा कि तुम मुझसे दूर, बहुत दूर चली जा रही हो. हालांकि हम एक ही शहर में होते हुए भी रोज़ कहाँ मिल पाते थे किन्तु फिर भी ना जाने क्यों यह कैसा सिलसिला है जो थमता ही नहीं. शाम बीती और फिर रात भर दम साधे तुम्हारी आवाज़ की प्रतीक्षा करता रहा. उन बेहद निजी पलों में कई ख़याल आते और चले जाते रहे.

तुम्हारी बहुत याद आई.

सुबह बेहद वीरान और उदासियों से भरी हुई सामने आ खड़ी हुई. मन किया कि कहीं भाग जाऊं, कहाँ ? स्वंय भी नहीं जानता. जिस एकांत में तुम्हारी खुशबू घुली हुई हो और मैं पीछे छूट गयी तुम्हारी परछाइयों से लिपट कर स्वंय को जिंदा रख सकूँ. उस किसी एकांत की चाहना दिल में घर करने लगी है. देर सुबह आई तुम्हारी आवाज़ की खनक, मेरे बचे रहने को इत्मीनान कराती रही .

तुम्हारी सादगी के भोलेपन पर अपनी जिंदगी लुटा देने को मन करता है. और बाद उसके जब तुम कहती हो कि मेरे साथ का हर लम्हा तुम्हें मेरे पास होने का एहसास दिलाता है. सोचता हूँ कितने तो बेशकीमती लम्हें होंगे जो पास होने का एहसास दे जाते हैं. मेरी उदासियों के साए में उन जगमगाते रौशन कतरों को शामिल कर दो. मैं भी तुम्हारे पीछे इन दिनों को जी सकूँ. नहीं तो सच में, तुम बिन मर जाने को जी चाहता है.

तुम मेरे वजूद में इस कदर शामिल हो जैसे तुम्हारे बिना मैं कोई सूखी नदी हूँ.

Read more...

चम्पे की सुगंध सी तुम्हारी बातें

>> 11 April 2011

बसंत के दिन बहुत पीछे छूट चुके हैं, उन्हें याद करने जितनी फुर्सत खुदा ने अभी नहीं दे रखी . इन दिनों वो पूँछा करती है कि "उन दिनों में दिल की बात कहने का कभी मन नहीं हुआ ?" और मैं खामोश निगाहों से उसकी गहरी आँखों में देखने लगता हूँ . जो मुझे बीते दिनों की याद दिलाती हैं, जब मैं चोर निगाहों से उसे देखा करता था और वो जताना चाहकर भी कुछ नहीं जताती थी . प्रारम्भ के दिनों की जब वह कोई बात बताती है तो वे दृश्य सामने उभर आते हैं . जब मैं उसके मोहपाश में बंधा उसकी ओर खिंचता ही चला जा रहा था. और वो कोई डोर दिन-ब-दिन मजबूत होती ही चली गयी .

हमारे विश्वासों की दुनिया में खुदा की खुदाई थी, वहाँ तूफ़ान का नामोनिशाँ न था .

अक्सर मेरी आँखें वक़्त की दीवार लाँघकर, उन बीते हुए दिनों में चली जाती हैं, जहाँ उसकी मुस्कुराहट से मासूम कलियाँ झड़ा करती थीं . तब मेरे हिस्से इतनी समझ नहीं थी कि उससे कुछ कह दूं . इन दिनों उससे बार-बार कहने को मन करता है कि-

"तुम्हारी सादगी की पवित्रता मेरे मन में बसे तुम्हारे प्रेम को हर नए दिन बढ़ाती चली जाती है .

वो अक्सर पूँछा करती है कि "हम अब तलक क्यों नहीं मिले थे ?" और मैं मुस्कुराकर कहता हूँ "सच तो ये है कि ऊपर वाले ने हमारे हिस्से की मोहब्बत हमसे बचा कर रखी थी और अब वो सूद समेत हमें दे रहा है ." और जब वह इस बात पर मुस्करा दी तो मैंने कहा "या मेरे मौला मेरी मोहब्बत को मेरी नज़र ना लगे" .

अभी कुछ रोज़ पहले मैंने उससे कहा "तुम्हारी उजली हँसी की खनक, मन के वीरान अँधेरे को रौशन कर देती है". इस बात पर सारा घर सिक्कों की खनखनाहट सा गूँजने लगा . कई रोज़ वह संगीत कानों में बजता ही रहा .

सोचता हूँ अबके दफा उसकी कुछ कतरने कुर्ते की जेब में रख लाऊंगा और उसके बाद के अँधेरे में हाथों से उलट-पलट कर देख लिया करूँगा. जैसे बच्चे संभाले रहते हैं, अपनी जेबों में चन्द सिक्कों को .

सुनो मैं तुमसे आज, अभी, अपने मन की कोमल सतह पर उग आये उन शब्दों को कह देना चाहता हूँ, जो हर नए रोज़ बढ़ते ही चले जा रहे हैं -

"मैं तुमसे बेहद मोहब्बत करता हूँ. चम्पे की सुगंध सी तुम्हारी बातें, मुझे अपनी ओर खींचती ही चली जाती हैं ."

Read more...

ख़त जो पहुँचा नहीं

>> 27 October 2010













तुम्हें याद है वो बत्ती के गुल हो जाने और घर वालों के सो जाने पर, अपनी जुडी छतों पर चाँद उतर आया था । जब नीम की पीली पत्तियाँ झर रही थीं और सफ़ेद फूलों की महक धीमे-धीमे पसर गयी थी । और तुम्हारी गोद में सर रखकर मेरी साँसों ने तुम्हारी साँसों को छुआ था । तब तुमने कहा था "देखो चाँद मुस्कुरा रहा है" । मेरे कहने पर कि "चाँद मियाँ मुँह उधर करो" तो चाँद कैसे खिलखिला दिया था । और तुम लज़ा गयीं थीं ।

चाँद अब भी छत पर उतरता है । रातें आज भी देहरी पर ठहरती है । साँसें तेरा नाम अब भी गुनगुनाती हैं....

अच्छा वो याद है तुमको, बारिश में भीगती सड़क के ढलान पर से उतरते हुए, हम सूखे बच निकले थे और तुमने वो छाता फैंक दिया था । और खिलखिलाती हुई दौड़ पड़ी थीं । फिर चार रोज़ तक मैं छींकते हुए बिस्तर में रहा था ।

उस रोज़ के तुम्हारे गीले ओठों की महक आज तक मेरे ओठों पर चस्पां है....

और उस बार के जन्मदिन के लिए जब मैं सर्दी से ठिठुरती ट्रेन में, रात का सफ़र कर, तुम्हारे हॉस्टल के गेट पर पहुँचा था । तब कैसे बेचारों सी एक्टिंग कर के उस चौकीदार को पिघलाया था । मुझे याद है वो मेरा इक्कीसवाँ और तुम्हारा उन्नीसवाँ बरस था ।

तुम्हारा दिया उस रोज़ का गुलाब आज भी सिरहाने रखी डायरी में रोता है....

तुमने पिछली दफा पूँछा था ना कि सुकून कहाँ मिलता है ?....सेवंती के पत्तों पर बिखरी तुम्हारी खिलखिलाहट में, छज्जे पर से टपकते गाढ़े अँधेरे से चिपकी तुम्हारी बातों में, सर्दियों की गुनगुनी धूप में औंधे पड़े हुए अलसाई तुम्हारी आँखों में.... खाली पड़े कमरे में एकाएक ही छन्न से आवाज़ करती तुम्हारी स्मृति में, बेतरतीब खुली पड़ी डायरी के सफहों पर तुम्हारे नाम लिखी नज्मों में, ढलती हुई शामों और उदास जागती रातों में क़तरा-क़तरा ख़त्म होने में....

होती गैरत तो उस रोज़ ही ना मर जाता मैं....देहरी पर तेरी जब पेड़ सा खड़ा था मैं....लाश डोली में तेरी, कांधों पर लिए जाते थे ....अंजाम यही ठीक है मेरा....मौत हर रोज़ ही आती है....मगर नहीं आती

.
* चित्र गूगल से

Read more...

मौत

>> 25 October 2010

मौत, मुझे तुझसे मोहब्बत हो गयी है । तू हर रोज़ ही, देहरी पर से ठिठक कर, वापस चली जाती है । मैं हर क्षण ही तुझसे, गले मिलने को तरसता हूँ । हर नया दिन यूँ ही बीत जाता है । और मेरी अपूर्णता मुझे आ घेरती है ।

क्या मेरी मोहब्बत में कुछ कमी है ?

हर सुबह एक आस जगती है, हर रात को घुट-घुट के मरती है । हर रोज़ ही नया सूरज बुझाता हूँ । और तू मुझे चाँद थमाती है । देखता हूँ कब तक बहलाएगी मुझे । कभी तो मेरी मोहब्बत रास आएगी तुझे ।

तू पहाड़ों से उतरकर, नदियों में बहती है और पगडंडियों से चलकर, मेरी देहरी पर खड़ी हो, मेरे अधूरेपन पर हँसती है । मगर एक बात स्मरण रहे । तू मुझ पर तरस खाकर नहीं, मेरी मोहब्बत में डूबकर, अपने आगोश में लेना मुझे । जैसे दो प्रेमी, सब कुछ भुलाकर, एक दूजे में डूब जाते हैं ।

कल ही ख्वाब में देखा था तुझे । तू अपनी गुलाबी बाहें फैलाए, मुझे पास बुला रही थी । मैं दौड़कर तेरे गले से लग गया था । तब तेरे लवो ने मेरे लवों को छुआ था । फिर अगले ही क्षण, मुझे अतृप्त छोड़कर, तू ओझल हो गयी ।

क्या मेरी मोहब्बत पर तुझे यकीन नहीं ?

तेरी वफ़ा पर मुझे कोई शक़ नहीं । लेकिन याद रखना में भी बेवफा नहीं । जब उस आखिरी के रोज़, हम एक दूसरे में डूब जायेंगे । तब अंतिम साँस पर मैं तुझसे कहूँगा-

"मौत, मैं तुझसे मोहब्बत करता हूँ ।"

Read more...

उन बीते हुए दिनों में

>> 21 April 2010

- तुम मुझे बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते ।
-बिल्कुल भी नहीं ?
-ह्म्म्मम्म .....बिल्कुल भी नहीं ।
-इत्ता सा भी नहीं ?
-अरे कहा ना बिल्कुल भी नहीं फिर इत्ता सा कैसे कर सकती हूँ ।
-"मैं सोच रहा था कि इत्ता सा तो करती होगी ।" कहते हुए मैं मुस्कुरा जाता हूँ ।

वो उठकर चल देती है । मैं सिगरेट फैंक देता हूँ और उसके पीछे चलने लगता हूँ ।
-अच्छा बाबा मान लिया कि तुम इत्ता सा भी प्यार नहीं करती । अब ठीक ....खुश

वो आगे बढ़ते हुए पत्थर उठाकर नदी में फैंकते हुए कहती है "तुम सिगरेट पीते हुए बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते । "
-बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता क्या ?
-नहीं, बिल्कुल भी नहीं
-अच्छा तो ठीक है, कल से बीड़ी पीना शुरू करता हूँ ।
-ओह हो...तुम ना...करो जो करना है मुझे क्या ?

मैं मुस्कुरा जाता हूँ ।
-हाँ, तुम्हें क्या ? देखना कोई मुझे जल्द ही ब्याह के ले जायेगी और तुम बस देखती रहना ।

वो खिलखिला कर हँस पड़ती है ।
-जाओ जाओ बड़े आये ब्याह करने वाले । कौन करेगा तुम से शादी ?
-क्यों तुम नहीं करोगी ?
-मैं तो नहीं करने वाली ।
-क्यों ?
-क्यों, तुमने कभी कहा है कि तुम मुझसे शादी करना चाहते हो ।

मैं मुस्कुराते हुए कहता हूँ -
-क्यों, कभी नहीं कहा ?
-चक्क (अपनी जीभ से आवाज़ निकलते हुए वो बोली)
-कल, परसों या उससे पहले कभी तो कहा होगा (मुस्कुराते हुए)

वो नाराज़ होकर चल देती है ।
-"अच्छा ठीक है । नहीं कहा तो अब कह देता हूँ ।" (मैं उसका हाथ पकड़ कर रोकते हुए कहता हूँ )

मैं उस बड़े से पत्थर पर चढ़ जाता हूँ और कहता हूँ
-सुनो ए हवाओं, ए घटाओं, ए नदी, पंक्षियों और हाँ पत्थरों । मैं अपनी होने वाली बीवी से जो मुझे इत्ता सा भी प्यार नहीं करती और जिसे मैं इत्ता सा भी अच्छा नहीं लगता, बहुत प्यार करता हूँ । मैं उससे और सिर्फ उसी से शादी करना चाहता हूँ । (कंधे ऊपर करते हुए मैं उसको देखकर मुस्कुराता हूँ !)
-होने वाली बीवी ? (वो बोली )
-हाँ (मुस्कुराते हुए )
-तुम ना टूमच हो कहते हुए वो मुस्कुरा जाती है ।

वो चल देती है । मैं पीछे चलते हुए सिगरेट जला लेता हूँ । वो पीछे मुड़कर देखती है और पास आकर सिगरेट छीनकर फैंक देती है । प्यार से "आई हेट यू" जैसा कुछ बोलती है ।

Read more...

बलदेव की प्रेम समस्या

>> 16 April 2010

बलदेव का नाम ना जाने किन विकट परिस्थितियों में बलदेव रखा था । ये तो उसकी दादी ही जानती थी । बलदेव डेढ़ पसली का 20-21 बरस का पतला सूखा सा दिखने वाला लड़का । शर्ट को भी शर्म आती होगी कि मुझे किस कम्बखत ने पहन लिया । एक बार बलदेव के बाप ने बलदेव को एक लड़की के साथ हाथों में हाथ डाले किसी पार्क में घूमते हुए देख लिया । उस समय तो बलदेव के बाप ने कुछ नहीं कहा और अपनी साइकिल के पैडल मारते हुए आगे बढ़ गया ।

शाम को जब बलदेव अपनी हड्डियों समेत घर को पहुँचा तो उसके बाप ने पूँछा
-चौ रे आज कहाँ घूम रओ
-"कहूँ नाय" बलदेव बाप की बात पर कुछ सकपकाते हुए बोला ।
-"लला जो तू कर रओ है ना, बू हम करिके भूल चुके हैं, समझे " बलदेव का बाप बोला ।

इतने में बलदेव की माँ आवाज़ सुनते हुए उधर आ गयीं । "का हुआ ? काहे धरती आसमान एक करैं भये हो ?"
-"जाते पूँछो, अपये लला से, जी आज कहाँ घूम रहो बा मोढी के संग, हाथ में हाथ डारि कै" बलदेव का बाप बोला ।
-"जी का बकि रहे हो अंट शंट । जरुर तुम्हाई आखन ने धोखा खाओ होगो । कोई और देखो होगो ।" बलदेव की माँ बोली ।
-"हाँ अब तो मेई आँखें ख़राब होइंगी ही । तब ना ख़राब भई जब तोई जा घर में बियाहि के लाओ । राम कसम जेहि हतो । बा मोढी के संग खीसें फारि फारि कें बातें कर रहो । जाते पूँछो, जी पढिबे जातु है का रास लीला रचाइबे ।" बलदेव का बाप गुस्से में साँस भरते हुए बोला

बलदेव की माँ बलदेव कें दो थप्पड़ लगाती हैं और पूंछती हैं "चौं रे को मोढी है ? कहाँ घूम रहो हतो ? अगर दुबारा कहूँ घूमतु देखि लओ तो तेरी खैर नाय"

बलदेव अपनी पूरी साँस भर के और पूरी हिम्मत जुटा कर बोलता है "मैं बा ते प्यार कत्तु हूँ ।"
-"देखि रही हो, जाई अबै से प्यार है गओ । बित्ती भर को छोकरा और प्यार करिबे चलो है ।" बलदेव का बाप बलदेव की माँ से बोला ।
-"तोई जादे ही जवानी छाई रही है । कोई काम बोलो तो कैसें टें निकरि जात है और प्यार करिबे चलो है । ख़बरदार जो दोबारा बा मोढी से मिलो तो । " बलदेव की माँ बोली

-बलदेव एक कोने में घुसता हुआ बोला "ज्यादा करोगे तो हूँ भागि जाउंगो "
-"किनके संग बा मोढी के संग ? लला भाजि के जाओगे कहाँ ? यहाँ पे तो मिल जाती हैं सुबह शाम बिना कछु करें । का खाबेगो और का खिलाबेगो ? " बलदेव का बाप बोला ।
-"हूँ गाँव भाजि जाउंगो " बलदेव बोला ।
-"लला तू का सोचतु है । गाँव में जिंदगी बोत आसान है का ? गाँव में तो बस 100 दिन ही काम मिलतु है सरकार की ओर सों । फिर तो में तो हड्डी ही हड्डी हैं । तू का ख़ाक करेगो । मान लई क तू करि लेगो । फिर 100 दिन बाद का खाबेगो । भाजि कें शहर ही जाबेगो । और तोही तो कछु आतु नाही । शहर में तो लाखों पढ़े लिखे घूम रहे हैं चप्पल चटकात भये । जब लीलिबे कों कछु नहीं मिलेगो तो सब जवानी धरी रही जावेगी और बा मोढी को भी पतों चलि जाबेगो क बाप के पैसन पे प्यार करिबो बोत आसान है ।"
-लला जे प्यार व्यार सब बिन के काम हैं जिन पे और कोई काम नाय । पहले दो चार रूपया कमाइबे लायक बनो तब प्यार करियो । नाहि तो खाली हाथ रहि जाओगे । ना मोढी मिलेगी और ना घर के रहोगे ।" बलदेव का बाप समझाते हुए बोला ।

- "जा प्यार को भूत अपये सर पे से उतार दे और चुपचाप पढाई लिखाई पे ध्यान दे । चले हैं बड़ो प्यार करिबे कों ।" बलदेव की माँ खीजते हुए बोली ।

Read more...

उस जानिब रूहानी तक़द्दुस चेहरे

>> 04 January 2010

उन नीम के झरते हुए पीले पत्तों और उतरकर गाढे होते हुए अँधेरे के बीच चलती हुई बातें बहुत दूर तक चली गयी थीं । हम अपने अपने क़दमों की आहटों से अन्जान बहुत दूर निकल गये थे । तब उसने यूँ ही एकपल ठहरते हुए कहा था ....

-यह नीम की ही पत्तियाँ झड रही हैं न...
-हाँ, शायद पतझड़ का मौसम है ।
-नहीं ये अँधेरे का मौसम है...लगता है अँधेरा हौले हौले झड़ता हुआ गहरा रहा है ।

तब वो एकपल के लिये मद्धम से मुस्कुरा दी थी...फिर उसने कहा

-कितना अच्छा हो कि हम न कुछ पूँछे और न जाने...अपनी अपनी जिंदगी के जवाब एक दूजे से न माँगें । दिमाग को इसमें शामिल न करें और उसे जी लें जिसे ये दिल जीना चाहता है ।

तब वो ढेर सारे उसके बाद के खामोश पल कब और कैसे गुजर गये....कहाँ पता चला था
वक़्त जब पहलू बदलता है तो खामोश सा चुपचाप गुजर जाता है ।

तब रात चाँदनी थी । हवा गुनगुनाती सी कानों को छूकर जा रही थी । दिल की आहटें दूजे के दिल तक अपना सन्देश गुपचुप पहुंचा रही थीं ।

तब मैंने उससे कहा था
-लगता है आज पूरे चाँद की रात है !
-नहीं, आज चाँद कुछ अधूरा सा जान पड़ता है...कल पूरे चाँद की रात होगी !
उसकी इस बात पर चाँद उतरकर उसके गुलाबी गाल को थपथपा कर चल दिया था । मैंने मुस्कुराते हुए उस चाँद को जाते देखा...

उसने यूँ ही आहिस्ता से चाँद को जाते देखकर पूँछा
-आपको सपने देखना पसंद है...
-हाँ, बहुत...शायद मुझे उससे ज्यादा पसंद है, सपनों को जमा करना...रंग बिरंगे सपने, खूबसूरत सपने, अपनों के सपने, अपने सपने
-सच !
-हम्म्म्म....मैंने ठंडी साँस भरकर कहा
-क्योंकि जमा किये सपने याद बन जाते हैं और उन सुनहरी जमा यादों को मैं अक्सर थपथपा कर उनका हाल पूँछता हूँ । उन यादों में वो सपने बिलकुल अपने लगते हैं ।

यह कहते हुए मैं खामोश सा हो चला था । वो उस पल बोली थी...
-यादें पवित्र होती हैं...शायद इसी लिये जमा रह जाती हैं

-तब उन गहरी हो सकने वाली यादों को, जिनकी आहटें भी रूहानी संगीत छेड़ती हैं, संवारने के लिये हम एक सफ़र पर चल दिये थे...

उस खामोश फैली हुई चाँदनी में उसके ओंठ तितली के पंखों की तरह खुले और काँपे थे और उसकी पलकें सीपियों की तरह मुंद गयीं थीं...जिस पल दोनों के ओठों के स्पर्श ने उस यादगार गहराए हुए पल को एक खुशनुमा न भूलने वाली याद बना लिया था । खुलती और बंद होती सीपियों का वह संसार एक अध्याय बन जिंदगी से जुड़ गया...

* तक़द्दुस = पवित्र, उस जानिब = उस ओर

Read more...

उसकी मुक़द्दस मोहब्बत !

>> 26 December 2009

दूर तक उड़ते हुए गर्म हवा के बवंडर हुआ करते और धूप वहाँ अपनी रूमानियत नहीं फैलाती । याद थी जो हर वक़्त उसके दामन से लिपटी रहती । उन यादों को साथ ले अपनी चौखट पर खड़ी हो वो दूर तक तलाशती उस चेहरे को । उन सभी पलों में इंतज़ार की लम्बी घड़ियाँ हुआ करती, उस घडी में चाहत घुली हुई सी किसी और ही लिबास में दबे पाँव आती, घंटों यूँ ही उन घड़ियों को थामे हुए उसके आँचल के ज़िस्म पर चिपक जाती।

रात को अचानक से उन आये हुए ख्वाबों में अपनी उस चाहत का अक्स देखती और नींद टूटने पर वो उस अक्स को यहाँ-वहाँ खोजती । तब वो उठकर उस मुंडेर पर से ताका करती कि कहीं दूर उसके क़दमों की आहट तो नहीं । दूर उस अँधेरे में उसे दिखाई देता तो एक सन्नाटा और कुत्तों के हूकने के स्वर, जो उसके दुःख को और स्याह काला कर देते ।

भोर के पहले पहर ही जब हाथ की चक्की पर वो गेहूं को मुट्ठियों में भर भर उनको चक्की में डालती तो पिछले बरस की गेहूं की बालियों के पीछे खड़ा मुस्कुराकर देखता हुआ वो चेहरा आँखों के सामने आकर खड़ा हो जाता । गोबर के उपले बनाते हुए कब उन पर उस चेहरे को वो उतार देती, उसे पता ही ना चलता । जब मिट्टी के उस चूल्हे से गरम गरम रोटियाँ निकालती तो लगता कि सामने वो चेहरा है जो मुस्कुराते हुए उसकी रोटियों की तारीफ़ कर रहा है । अचानक से ही उसकी आँखें डबडबा जातीं । तब साडी के पल्लू से अपने आँख के किनोर को पौंछ एकपल को मुस्कुरा जाती ।

उसके दामन में जो उसके साथ के किस्से थे, उन्हें याद करती । अगले रोज़ फिर वही दूर तक उठते बवंडर, और गर्म रेतीली हवा । वही खाली चौखट जिन पर अपने क़दमों को रख वो हर रोज़ उस चेहरे के लौट आने की राह तकती । फिर वो पहर स्याह काला अँधेरा बनकर उस अक्स को साथ लाता और वही चेहरा बनकर, नींद में आँखों को भिगो जाता । तब मुंडेर पर से वो हर रोज़ रात उन क़दमों की आहट सुनना चाहती । उसे दूर तक सुनाई देता तो सिर्फ वो शोर और अपने वजूद को कायम रखतीं हुई स्याह काली रातें ।

हर रोज़ ये जानते हुए भी कि उसका पति उस दूर शहर से बहुत दिनों बाद लौटेगा, वो राह तकती, इंतज़ार करती ।काम की तलाश में गये अपने पति के हर रोज़ लौट आने की दस्तक जैसे उसे हर पल सुनाई देती । दूर उठते हुए बवंडर ऐसे जान पड़ते कि शायद उनके पीछे वो चेहरा है, जो अभी सामने आ जाएगा ।

ये जानते हुए भी कि अभी बहुत वक़्त है लौटकर आने में, वो हर दिन, हर पल, कभी चौखट पर तो कभी मुंडेर पर से उस चेहरे को तलाश करती है...

* मुक़द्दस = पवित्र
* चित्र गूगल से
-----------------------
पिछली पोस्ट : ज़िक्र (एक प्रेम कहानी)

Read more...

ज़िक्र (एक प्रेम कहानी)-अंतिम भाग

>> 22 December 2009

प्रथम एवं द्वितीय भाग पढने के लिये यहाँ ज़िक्र(एक प्रेम कहानी)-I तथा ज़िक्र(एक प्रेम कहानी)-II पर क्लिक करें

कहते हैं कि ख्वाहिशों का कोई छोर नहीं होता । कहाँ शुरू होती हैं और कहाँ ख़त्म ये पता ही नहीं चलता । कुछ ख्वाहिशें तो ऐसी होती हैं कि खुद ख्वाहिशों को ख्वाहिश करने वाले से प्यार हो जाता होगा । सोचती होंगी कि कितना नेक बन्दा है जो दिल से इतनी मासूम सी ख्वाहिश करता है ।

कुछ रोज़ बाद जब सब कुछ तय हो गया कि कब लगन है और कब शादी होनी है तो सिद्धांत अपने दोस्त साकेत को फ़ोन करके बताता है कि उसकी शादी तय हो गयी है और उसे जरूर आना है । जब साकेत को पता चलता है कि लड़की कोई और नहीं विद्या है तो पहले तो वो बिलकुल हतप्रद रह जाता है फिर कहता है "तूने सब कुछ सोच समझ लिया है न कि तू क्या करने जा रहा है । तू खुद अपनी मर्ज़ी से ही शादी कर रहा है ना ।" इधर से सिद्धांत फ़ोन पर साकेत को अपनी बात पूरी तरह समझा देता है और उसे शादी के दिन उपस्थित रहने के लिये वादा लेता है ।

शादी का दिन नजदीक आने से पहले के सभी दिन एक एक करके बीतते जाते और हर रोज़ कुछ न कुछ आभास करा जाते । इन बीते हुए दिनों में कभी ऐसा दिन नहीं आया कि सिद्धांत और विद्या की बात हुई हो । कभी सिद्धांत सोचता भी बात करने की लेकिन यह सोचकर रह जाता कि पता नहीं कहीं विद्या असहज महसूस ना करे और अगर विद्या बात करना चाहेगी तो फ़ोन कर ही लेगी । दिन थे कि बीते तो बीतते ही गये और अपने साथ लेते गये तमाम सवाल, तमाम यादें, तमाम एहसास जो सिद्धांत ने विद्या के बारे में सोचकर गुजारे थे ।

उधर विद्या कभी सोचती कि मैं सिद्धांत को फ़ोन करूँ कि ना करूँ । तो क्या हुआ जो हमने शादी से पहले बात ना की । हमारे माता-पिता भी ने तो शादी से पहले बात नहीं की थी । जितना किसी को जानना है वो शादी के बाद भी जाना जा सकता है । अब तो शादी हो ही रही है । जब किसी को जानकर भी कोई धोखा देकर चला जाता है तो फिर जान-पहचान से भी क्या हासिल ?

अंततः वह दिन आ ही जाता है जब मंडप में बैठकर पंडित सिद्धांत को विद्या के गले में मंगलसूत्र पहना देने के लिये कहते है । जब मंडप में अग्नि के सात फेरे लेते हुए दोनों आगे पीछे एक दूजे से जुड़े हुए चल रहे हैं । जब पंडित जी कहते हैं कि विवाह संपन्न हुआ और जब सभी बड़े-बुजुर्ग अपनी अपनी शुभकामनाएँ देते हुए फूलों की बारिश से उन दोनों का नये जीवन में स्वागत करते हैं ।

विद्या को अपने घर में पाकर सिद्धांत की माँ ख़ुशी से भावविभोर हो जाती हैं । घर के मुख्य दरवाजे पर ही दोनों की बालाएं लेती हैं और गृहप्रवेश की रस्म अदायगी के बाद विद्या को नये सजे हुए कमरे में ले जाया जाता है । एकपल तो सिद्धांत की माँ को विश्वास ही नहीं होता कि उसके बेटे की शादी हो गयी है और इतनी खूबसूरत चाँद सी बहू घर आ गयी है । उस रोज़ सिद्धांत की माँ के भावविभोर होकर आँखों से आंसू निकल आते हैं और वो विद्या से कहती हैं "बेटी मैं बहुत खुशनसीब हूँ जो तुम मेरे घर बहू बन के आयी । मेरे घर में एक बेटी की कमी थी जो तुमने आकर पूरी कर दी । मुझे हमेशा अपनी माँ ही समझना और देखना अगर कभी बेटी समझ कर गुस्सा करूँ तो बुरा मत मानना । विद्या भी उनकी डबडबाई आँखों को देख उनके गले लग जाती है और कहती है "खुशनसीब तो मैं हूँ माँ जो एक माँ को छोड़कर आयी तो मुझे यहाँ दूसरी माँ मिल गयी ।"

तभी सिद्धांत के पिताजी बाहर से मजाक के लहजे में आवाज देते हैं "अपनी बहू के आ जाने के बाद, क्या इस बूढ़े की भी सुनोगी ।" सिद्धांत की माँ कहती है "खबरदार जो खुद को बूढा कहा तो । तो क्या हुआ जो बेटे की शादी कर ली । अभी तो अच्छे अच्छे तुम्हारे आगे कुछ नहीं ।" और हंसती हुई चली जाती हैं । विद्या दोनों की बातें सुनकर मुस्कुरा उठती है । यहाँ अपने माँ-बाप की ही तरह के इंसान पाकर वो एक पल को अपने घर को भूल जाती है ।

सूरज के ढलने के साथ ही रात करवट बदलती है और अपनी चाँदनी बिखेर देती है । सिद्धांत को उसके कमरे में भेजा जाता है । दरवाजे पर क़दमों की आहट पाकर बिस्तर पर बैठी विद्या कुछ सकुचा सी जाती । सिद्धांत कमरे में प्रवेश करता है तो देखता है कि विद्या घूँघट डाले हुए बैठी है । साथ ही ये भी देखता है कि विद्या बहुत ही असहज महसूस कर रही है । ख़ामोशी तोड़ने के लिये सिद्धांत खड़े हुए ही बोलता है "ये घूँघट क्यों डाला हुआ है तुमने ? मैं तो तुम्हें बहुत पहले से देखता आ रहा हूँ ।" विद्या घूँघट के अन्दर से ही कहती है " वो माँ ने कहा है कि ये रस्म है और वो ही घूँघट डाल गयी हैं, कह रही थी कि आप आकर घूँघट उठाओगे तो रस्म पूरी होगी ।"

सिद्धांत हँसता है "अच्छा, बड़े रस्मों-रिवाज माने जा रहे हैं । क्या बात है । तो माँ का कहना माना जा रहा है । ठीक है लीजिये घूँघट उठा देते हैं ।" कहता हुआ सिद्धांत विद्या का घूँघट उठा देता है और कहता है "शुभान-अल्लाह, आज चाँद सीधे मेरे कमरे में निकल आया है, देखूँ तो कहीं बाहर काली रात तो नहीं ।" विद्या इस बात पर थोडा मुस्कुरा सी जाती है । साथ ही साथ विद्या का दिमाग तमाम सवालों में उलझा हुआ था । कभी इस उधेड़बुन में वो अपने पैरों की उँगलियों को सिकोड़ती तो कभी अपनी गर्दन नीचे कर लेती । सिद्धांत विद्या की उधेड़बुन को भाँप लेता है और उठता हुआ कहता है "तुम्हें ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं विद्या, ये एक रस्म अदायगी थी जो मैंने पूरी कर दी । इसके आगे में जानता हूँ कि मेरी अभी सीमा कहाँ तक है । मैं जानता हूँ कि मैं भी चाहूँ तो और पुरुषों की तरह इस रात उसी तरह का बर्ताव कर सकता हूँ लेकिन मैं वैसा इंसान नहीं हूँ । दो जिस्मों के मिलन से ज्यादा पाक होता है दो आत्माओं का मिलन और जिस दिन तुम अपनी आत्मा से मुझे कबूल कर लोगी उस रोज़ तुम सहज महसूस करोगी । तब मुझे न तो कुछ कहने की जरूरत पड़ेगी और ना ही कुछ करने की । सब कुछ सहज रूप से हो जाएगा ।"

सिद्धांत सामने रखी हुई कुर्सी पर बैठ जाता है और उपहार में मिले कार्ड देखने लगता है । तभी उसके हाथ से बिस्तर पर छूटी हुई दो टिकटों को उठाकर विद्या देखती है और कहती है " ये टिकट ?" सिद्धांत कहता है "हाँ वो साकेत ने ऊटी के दो हनीमून टिकट दिये हैं और वहाँ होटल में ठहरने का एक हफ्ते का इंतजाम किया है । मैंने उसे मना भी किया लेकिन वो माना ही नहीं । विद्या कहती है "क्यों ?" सिद्धांत बोला "मैंने सोचा पता नहीं तुम शायद न जाना चाहो ।" विद्या कुछ नहीं कहती और खामोश हो जाती है । सिद्धांत कहता है "चलना चाहोगी ?" विद्या कहती है "अब जब टिकट हैं ही तो फिर मना करने से क्या फायदा । आपके दोस्त का नुकसान ही होगा ।" सिद्धांत मुस्कुराते हुए कहता है "ये भी खूब कही तुमने ।"

फिर दोनों के बीच ख़ामोशी छा जाती है । सिद्धांत रखे हुए कार्ड देखने लगता है और विद्या किसी सोच में चली जाती है । थोड़ी देर बाद विद्या कहती है "एक बात कहूँ " सिद्धांत कार्ड देखते हुए ही कहता है "ह्म्म्म, कहो ।"
विद्या कहती है "मैं अपने अतीत के बारे में सब कह देना चाहती हूँ ।" सिद्धांत कहता है "मैंने तुम्हें पहले ही कहा था कि मुझे तुम्हारे अतीत से कोई जान पहचान नहीं करनी और उसे जानकर होगा क्या ?" विद्या कहती है "अगर मैं कहूँ कि अब मैं ठीक झरने के गिरने के बाद से बनी हुई पवित्र नदी नहीं हूँ तो ?" सिद्धांत कार्ड को रखता है और विद्या की ओर देखकर कहता है "पवित्रता और अपवित्रता की परिभाषा किसी की वर्जिनिटी से नहीं दी जा सकती और ना ही मैं वो पुरुष हूँ जो ठीक झरने के गिरने के बाद से बनी हुई नदी में नहाने की चाह रखता हो । मैं तो कहूँगा कि पवित्र नदी की चाह रखने वाले और उसमें स्नान करने वाले स्वंय अपनी पवित्रता का आंकलन करना क्यों भूल जाते हैं ?क्यों पवित्र नदी में अपनी अपवित्रता धोकर पवित्र होना चाहते हैं स्नान करने वाले । चिंता मत करो मुझे तुम्हारी वर्जिनिटी से तुम्हारी पवित्रता का आंकलन नहीं करना । तुम अगर आत्मा से पवित्र हो तो ही तुम मेरे लिये पवित्र कहलोगी ।" विद्या सिद्धांत की ओर देखती ही रह जाती है ।

सिद्धांत कहता है "अब तुम सो जाओ थक गयी होगी ।" विद्या लेट जाती है और कुछ सोचती सी, किसी उधेड़बुन में कब सो जाती है उसे पता ही नहीं चलता । जब सुबह के समय उसकी आँख खुलती है तो देखती है कि सिद्धांत कुर्सी पर बैठा हुआ ही सो गया है । विद्या उठकर सिद्धांत के बाजू पर हाथ रखती है और कहती है "सिद्धांत आप सारी रात यहीं कुर्सी पर सोते रहे । वहाँ बिस्तर पर सो जाइए ।" सिद्धांत उठकर बिस्तर पर लेट जाता है और विद्या कमरे के बाहर चली जाती है । करीब दो घंटे बाद विद्या चाय लेकर आती है और सिद्धांत को जगाती है "चाय पी लीजिए" सिद्धांत उठता है और देखता है कि विद्या नहाने के बाद गीले बालों में उसके सामने चाय का प्याला लेकर खड़ी हुई है । एक भीनी-भीनी खुशबू से पूरा कमरा भर जाता है । विद्या खिड़की का पर्दा हटाती है तो सूरज खिलखिलाता हुआ मुस्कुराता है । सिद्धांत चाय के प्याले को होठों तक ले जाते हुए सूरज को देखता है तो उसे एक पल लगता है कि जैसे सूरज ने मुस्कुराते हुए एक आँख मारी हो ।

सिद्धांत चाय ख़त्म हो जाने के बाद उठता है और तौलिया उठाकर नहाने चल देता है । नहा लेने के बाद अपने गीले बाल झाड़ता हुआ कमरे में आता है और विद्या से पूँछता है "तुम्हारी कब तक की छुट्टी है ?" विद्या कहती है "क्यों ?" सिद्धांत तौलिया रखते हुए कहता है "वो ऊटी वाला किस्सा याद है या भूल गयीं ?" विद्या कहती है "ओह, हाँ, अभी 10 दिन की छुट्टी और है ।" सिद्धांत कहता है "तब ठीक है । वैसे हमें कल ही निकलना होगा ।"

अगले रोज़ सिद्धांत और विद्या हवाई जहाज से सफ़र कर ऊटी की धरती पर कदम रख देते हैं । वहाँ के मनमोहक दृश्य, खूबसूरत आसमान, ताज़गी और खुशनुमा माहौल दिल में बस जाता है । होटल मैं पहुँच जब विद्या खिड़की खोलती है तो उसके सामने दूर तक फैले बादल ही बादल दिखाई दे रहे थे । सफ़ेद, ऐसे जैसे आच्छादित होकर अपने होने का एहसास करा रहे हों । विद्या उन्हें देखकर खुश हो जाती है । सिद्धांत कमरे में सामान रखकर बैठ जाता है । कुछ देर में कमरे का रख रखाव करने वाला नौकर आता है और कहता है "सर कुछ चाहिए ?" सिद्धांत विद्या की ओर देखकर कहता है "मेरे लिये एक कॉफी और मेमसाहब से पूँछो ।" विद्या कहती है "मैं भी कॉफी ही लूंगी ।"

थोड़ी देर में कॉफी आ जाती है । विद्या खिड़की के पास खड़े हुए ही कॉफी पीने लगती है और कभी बादलों को देखती है तो कभी दूर तक फैली हरियाली को । सिद्धांत कहता है "अभी कुछ घंटे में हमे बाहर घुमाने ले जाने वाले आएगा । तब तक चाहो तो आराम कर लो । मैं नहा लेता हूँ । तुम भी चाहो तो नहा लेना ।" विद्या कहती है "ठीक है ।"

थोड़ी देर में ही सिद्धांत नहा कर बाहर आ जाता है । विद्या नहाने चली जाती है और जब उन भीगे बालों और नन्ही नहीं बूंदों से भीगे हुए सूट को पहने बाहर निकलती है तो सिद्धांत की नज़र ना चाहते हुए भी उस पर टिकी ही रह जाती है । विद्या की नज़रें जब सिद्धांत को देखती हैं तो सिद्धांत कुछ झेंप सा जाता है और खिड़की के बाहर की ओर देखने लगता है । विद्या आईने के सामने खड़ी होकर अपने बाल सुखाने लग जाती है । सिद्धांत खिड़की के बाहर दूर तक फैले बादलों को देखकर कहता है "कितने खूबसूरत बादल है ? है ना" विद्या जवाब देती है "ह्म्म्म"

फिर सिद्धांत विद्या की ओर देखता है और कहता है "तुम्हें पता है कि बादल इतने सफ़ेद क्यों दिखाई देते हैं ? उजले उजले से, दूर तक फैले से ।" विद्या कहती है "क्यों ?" सिद्धांत कहता है "क्योंकि ये बहुत नेक दिल होते हैं, स्वार्थी नहीं होते और हमेशा देते हैं, कभी किसी से कुछ नहीं माँगते । अपने को फना कर देते हैं और इस प्यासी जमीन को अपना सर्वस्व दे देते हैं ।" विद्या सिद्धांत को एकपल देखकर मुस्कुरा जाती है और अपने बाल बाँध लेती है ।

सिद्धांत कहता है "कुछ खाना है तो नीचे चलते हैं या चाहो तो यहीं कमरे में मँगा लेते हैं ।" विद्या कहती है "प्लीज यहीं मँगा लो । वैसे भी बहुत थकान हो गयी है ।" सिद्धांत फ़ोन करके खाना लाने को कह देता है । दोनों खाना खाते हैं और खाना खाने के बाद सिद्धांत टीवी के चैनल बदल ही रहा था तभी उन्हें बाहर घुमाने ले जाने वाला दरवाजे पर दस्तक देता है । सिद्धांत उसे नीचे इंतज़ार करने के लिये कहता है और कुछ देर बाद विद्या को साथ लेकर पर्यटन के लिये निकल जाते हैं ।

दो-तीन रोज़ ऐसे ही गुजर गये । दिन बाहर घूमने में निकल जाता और रात उस बिस्तर पर एक दूसरे से दूरी बनाकर सोने में । उस चौथी शाम जब सिद्धांत किताब पढने में तल्लीन था और विद्या टीवी के चैनल बदलने में तो विद्या अचानक से कहती है "सिद्धांत, आप तो खूबसूरत भी हैं, दिल के भी नेक हैं और इतनी अच्छी बातें भी कर लेते हैं । क्या आपको कभी किसी से प्यार नहीं हुआ ?" सिद्धांत जो किताब में खोया हुआ था । विद्या के इस सवाल ने उसे अन्दर तक झकझोर कर रख दिया । सिद्धांत मन ही मन सोचने लगा कि विद्या को तो कुछ पता ही नहीं या कहीं ऐसा तो नहीं कि इसे पता हो लेकिन ये मेरे मुँह से सुनना चाहती हो ।

सिद्धांत कहता है "नहीं मैंने कभी किसी को नहीं चाहा" विद्या कहती है "पर गर्ल्स हॉस्टल में तो तमाम लडकियां आपके गुण गाती थीं। आपको पसंद करने वाली तमाम थीं ।" सिद्धांत मुस्कुराते हुए कहता है "अच्छा, मुझे तो पता ही नहीं था । क्या वाकई ऐसा था ?" विद्या कहती है "हाँ, क्यों किसी ने आपके सामने अपने प्यार का इजहार नहीं किया ।" सिद्धांत कहता है "हाय री किस्मत" और फिर दोनों हँसने लगते हैं ।

अगले दो रोज़ भी बाहर घूमने में निकल जाते हैं जिसमें वो चर्च जाते हैं, कुछ कपडे खरीदते हैं, कई बार सिद्धांत विद्या से बार बार पूँछ पूँछ कर खाने की चीज़ें लेता है । विद्या का पूरा ख्याल रखता है और विद्या भी सिद्धांत के साथ घुलने मिलने सी लगती है । उस रात बिस्तर पर दोनों के बीच उतनी ही दूरियां थी जितनी कि पहले हुआ करती थीं । रात को सोते हुए ना जाने कैसे सिद्धांत का एक हाथ करवट लेते हुए विद्या के गले के नीचे पहुँच गया । जिसका ना तो सिद्धांत को होश था और ना ही उसका ऐसा कोई उसका इरादा था । अचानक से विद्या की नींद खुल जाती है और जब देखती है कि सिद्धांत का हाथ उसके सीने पर रखा हुआ है तो वो सिद्धांत का हाथ झटक कर फैंकती है । सिद्धांत की नींद खुल जाती है । विद्या उठ कर बैठ जाती है । सिद्धांत कहता है "क्या हुआ ? कैसे बैठी हो ?"

विद्या कहती है "सब मर्द एक जैसे ही होते हैं । कुछ बातें तो अच्छी अच्छी करना जानते हैं लेकिन अंततः चाहते वो भी वही हैं । स्त्री को भोगना ।" विद्या की बात सुनकर सिद्धांत को समझने में ज़रा भी देर नहीं लगती कि उसने उसका हाथ क्यों झटका था । सिद्धांत कहता है "सॉरी, मुझे कुछ पता नहीं चला और ना ही मेरा ऐसा कोई इरादा था । " विद्या कहती है "मैंने आप से कुछ हँस बोलकर बात क्या कर ली । आपसे घुल मिल क्या गयी । आपने सोचा कि चलो अब सब आसान हो गया ।" सिद्धांत बोला "क्या कहती जा रही हो तब से । मैंने बोला ना सॉरी, मैंने कुछ जान बूझ कर नहीं किया ।" विद्या कहती है "जानते हो मेरा पिछला अतीत क्या है ? मेरा पिछला अतीत यही था कि वो भी मुझे भोगना चाहता था । फर्क सिर्फ इतना है कि वो मुझे शादी से पहले ही प्यार का वास्ता देकर भोगना चाहता था । इसी लिये जब मैंने उसे मना किया तो उसने मुझसे रिश्ता ख़त्म कर कहीं और शादी कर ली ।" सिद्धांत बोला "देखो विद्या, मैं मानता हूँ कि मुझसे अनजाने में गलती हुई है । उसके लिये मैं माफ़ी चाहता हूँ ।" विद्या कहती है "मैं कल ही घर वापस जाना चाहती हूँ ।" सिद्धांत कहता है "ठीक है, जैसा तुम चाहो ।"

अगले रोज़ सिद्धांत विद्या को लेकर वापस अपने घर आ जाता है । सिद्धांत की माँ दोनों से बारी बारी पूंछती है कि वो दोनों दो दिन पहले कैसे आ गये । कोई बात है क्या ? मगर दोनों ने यही कहा कि "बस जी भर गया था और आपकी याद आ रही थी इसीलिए चले आये"

अगले रोज़ विद्या अपने माता-पिता के घर चली जाती है । वहाँ जाने से पहले सिद्धांत की माँ कहती है कि अपनी नौकरी पर जाने से पहले यहाँ होकर ही जाना और देख जल्द से जल्द कोशिश कर कि तेरा तबादला भी यहीं हो जाए, इसी शहर में ।" विद्या जाते हुए कहती है "ठीक है माँ"

सिद्धांत अपने कॉलेज के काम के सिलसिले में कुछ रोज़ के लिए दूसरे शहर चला जाता है । माँ के कई बार पूँछने पर भी वो माँ को कुछ नहीं बताता कि उन दोनों के बीच कुछ गड़बड़ है । उधर सिद्धांत के चले जाने और विद्या की छुट्टियाँ ख़त्म होने के दौरान विद्या अपनी ससुराल, माँ से मिलने आती है । उसे देखकर माँ बहुत खुश होती हैं ।
माँ कहती है कि "अब आज यहीं रुक जाना विद्या । कल सुबह यहीं से चली जाना । विद्या चाहते हुए भी माँ की बात नहीं टाल पाती और वहीँ रुक जाती है ।

रात के 2 बजे विद्या किसी उधेड़बुन में थी, कुछ सोचती सी, उसे नींद नहीं आ रही थी । उसे ऊटी की सिद्धांत के साथ की हुई बातें रह रह कर याद आ रही थीं । वो हंसी की गूँज, वो आपस में खेली अन्ताक्षरी, वो साथ घूमना और उसकी खुद की पसंद का खाना खाना और फिर अंततः उस रात का अंतिम दृश्य जो सामने आता तो विद्या परेशान हो उठती । तभी वो बिस्तर से उठ कमरे में टहलने लगती है । विद्या की नज़र उस डायरी पर जाती है । विद्या उसे उठकर पढने लगती है । एक एक अल्फाज़ , एक-एक पंक्ति पढ़ डालती है । हर अल्फाज़ अपनी कहानी कह रहा था । उस पहले रोज़ से लेकर जब सिद्धांत ने पहली बार विद्या को देखा था, उस आखिरी रोज़ तक जब सिद्धांत ने सारी रात उस रेस्टोरेंट के बाहर इतंजार में गुजारी थी ।

विद्या बहुत रोती है । बहुत देर तक रो लेने के बाद बार बार उसके दिल में यही ख़याल आता कि मैंने उस इंसान का दिल दुखाया जिसने मुझे चाहने के अलावा अपनी जिंदगी में कुछ नहीं किया । कभी उसने दर्द से उफ़ तक नहीं किया । मैं उस आखिरी रोज़ भी उससे ना मिल सकी थी जब अचानक उसकी रूममेट की तबियत खराब हो गयी थी और ऊटी की आखिरी रोज़ का दिया हुआ दर्द भी तो कुछ कम नहीं । वो जानती थी कि सिद्धांत चाहता तो दूसरे पतियों की तरह अपनी पत्नी को हासिल कर सकता था लेकिन वो कितना नेक और शरीफ है । हर पल विद्या का सिद्धांत के बारे में ही सोचते हुए कट जाता है ।

सुबह विद्या खुद को कुर्सी पर पाती है । फ़ोन की घंटी बज रही थी । विद्या ने सोचा कि शायद सिद्धांत का फ़ोन हो । अगर उसका फ़ोन हुआ तो वो उससे माफ़ी माँगेगी । लेकिन जब फ़ोन उठाया तो उधर से साकेत की आवाज़ थी "कैसी हो विद्या ? तुम लोग इतनी जल्दी वहाँ से क्यों आ गये ? मैंने सिद्धांत से भी पूंछा उसने कुछ नहीं बताया । क्या बात है ? कोई अनबन तो नहीं हो गयी " और फिर बातों ही बातों में साकेत ने विद्या को सिद्धांत के दिल का सारा हाल कह सुनाया ।

अब विद्या खामोश चुपचाप माँ के पास जाती है और कहती है "माँ मैं अभी नहीं जाऊँगी कुछ रोज़ बाद जाऊँगी, जब सिद्धांत आ जायेंगे तब ।" सिद्धांत की माँ कहती है "जैसी तेरी मर्ज़ी बेटा, मुझे तो ख़ुशी मिलेगी जो तुम और दिन रुकोगी तो" विद्या फ़ोन करके अपने कार्यालय वालों से और छुट्टी माँग लेती है ।

इन चन्द दिनों मैं हर पल विद्या सिद्धांत के फ़ोन का इंतज़ार करती लेकिन सिद्धांत का कोई फ़ोन नहीं आया । विद्या में इतनी हिम्मत नहीं थी कि उसे फ़ोन कर ले । विद्या तो बस इंतज़ार कर रही थी उस घडी का जब सिद्धांत आएगा और विद्या उससे माफ़ी माँगेगी और उसके सीने से लग कर जी भर कर रो लेगी । हर दिन आता और अपने साथ इंतज़ार की घड़ियाँ लेकर आता । अंततः 1 सप्ताह बाद सूरज के ढलने के साथ ही सिद्धांत के कदम घर के दरवाजे पर दस्तक देते हैं ।

रात का पहर अपने पाँव पसार चुका था और चाँद भी मानो जैसे मुस्कुरा रहा हो । सिद्धांत को उसकी माँ नहीं बताती कि विद्या अभी मौजूद है और अपने कमरे में ही है । विद्या ने माँ से मना कर रखा था और विद्या के कहने के अनुसार माँ ने सिद्धांत को कुछ नहीं कहा । सिद्धांत अपने कमरे में प्रवेश करता है तो सामने सजी-सँवरी विद्या को पाता है । सिद्धांत कहता है "विद्या तुम ? तुम अभी तक गयी नहीं ?" विद्या बिना कुछ बोले सिद्धांत के सीने से लग जाती है और रोने लगती है । रोते रोते कहती है "मुझे माफ़ कर दो सिद्धांत । मैं नहीं जानती थी कि आप मुझसे इतनी मोहब्बत करते हो । मुझे इतना चाहते हो । मैंने तो तब जाना जब आपकी वो डायरी पढ़ी और जब साकेत से बात हुई ।" सिद्धांत विद्या की पीठ पर हाथ रखता है और कहता है "रोती क्यों हो पगली ? अब तो मैं आ गया हूँ ना और मुझे तुमसे कोई गिला-शिकवा नहीं है ।" विद्या कहती है "नहीं मुझसे गलती हुई है । जब तक मुझे माफ़ नहीं करोगे तब तक मैं यूँ ही रोती रहूंगी ।" सिद्धांत कहता है "अच्छा बाबा, माफ़ किया अब खुश । अब तो चुप हो जाओ ।" विद्या हँस देती है और उसके सीने से कसकर अपनी बाहों को बाँध लेती है । सिद्धांत नियंत्रण सा खो देता है और विद्या को लेकर धडाम से बिस्तर पर गिरता है । विद्या सिद्धांत के होठों पर अपने होठ रख देती है ।

तब कमरे की सारी औपचारिक सुगंध कहीं और उड़ गयी थी । अब थी तो बस साँसों के उठने और गिरने की लय और एक दूजे के बदन की महक । शरीर अपनी कुदरती महकों के साथ, नदियों की तरह उमड़ कर एक होते हुए बहने लगे थे ।

Read more...

ज़िक्र (एक प्रेम कहानी)-भाग 2

प्रथम भाग पढने के लिये यहाँ ज़िक्र(एक प्रेम कहानी) पर क्लिक करें

सर्दियों की गुनगुनी धूप थी, आसमान पंक्षियों के होने से और भी ज्यादा खूबसूरत लग रहा था । पेड़ों ने अपना पुराना लिबास उतारकर नया धारण कर लिया था और उसमें वो कुछ ज्यादा ही खूबसूरत लग रहे थे । कहीं दूर से भीगी हुई धरती की भीनी-भीनी महक आ रही थी, जैसे हवाओं में घुल सी गयी हो ।

सिद्धांत एक कुर्सी पर अधलेटा सा पैरों को पसारे हुए, सीने पर किताब को उलट कर रखे हुए किसी सोच में उन पंक्षियों को निहार रहा था । छत पर क़दमों ने दस्तक दी । "सिद्धांत, बेटा क्या सोच रहा है ?" छत पर मिर्चों को पसारते हुए सिद्धांत की माँ बोलीं। सिद्धांत का ध्यान टूटता है और कहता है "ह्म्म्म, कुछ नहीं, कुछ भी तो नहीं ।"
"बेटा मुझे कुछ तुझ से बात करनी थी । कल रात ही कहना चाहती थी लेकिन तू जल्दी सो गया तो मैंने सोचा कि कल ही कहूँगी । " सिद्धांत की माँ उठकर उसके पास सामने की कुर्सी पर बैठ गयीं । सिद्धांत बोला "क्या बात करनी थी ? बोलिए ।" सिद्धांत की माँ ने सिद्धांत को एक नज़र प्यार से देखा और कहा "देख बेटा हम जानते हैं कि तुम फिलहाल शादी नहीं करना चाहते । लेकिन मेरे और अपने बाबू जी के बारे में भी तो सोच । माना वो तुझसे कुछ कहते नहीं लेकिन हर बाप का मन करता है कि उसके लड़के की शादी हो, बारात चढ़े, शहनाई बजे । एक माँ भी यही सब चाहती है । देख बेटा उनके किसी दोस्त के दोस्त की एक लड़की है । वो चाहते हैं कि हम सब वहाँ जाकर एक दूसरे को देख ले, समझ लें और सच तो यही है कि मैं भी चाहती हूँ । अच्छे लोग हैं तो बात चलाने में हर्ज़ ही क्या है ? बेटा अब हमारी खातिर ही लड़की देख लो और पसंद आने पर शादी कर लो ।" सिद्धांत अपनी माँ की ओर देखता है और मुस्कुराकर कहता है "बस इतनी सी बात । ठीक है कब चलना है, उनके यहाँ ?" सिद्धांत की माँ खुश होकर कहती है "कल चलना है । कल सोमवार है । कल दिन भी शुभ है ।"

कुछ एहसास जो बहुत कहीं पीछे छूट गये हों, वो अचानक से सामने आकर अगर दामन थामने लगे तो उस पल समझ नहीं आता कि आखिर वो रब चाहता क्या है ? आखिर उसकी मंशा क्या है ? उसने मुझे ही क्यों चुना इन सबके लिये ।

ऐसा ही तो महसूस कर रहा था सिद्धांत जब लड़की वालों के यहाँ पहुँचकर जो लड़की उसके सामने आयी वो कोई और नहीं विद्या थी । एक पल को सिद्धांत पिछली जिंदगी में चला गया । वो हॉस्टल, वो डायरी, वो क्लास, वो विद्या की मुस्कराहट, वो ढेर सारी रातें और वो ढेर सारे अल्फाज़, उसके चेहरे के सामने आकर खड़े हो गये । उसे लगा कि ये विद्या नहीं हो सकती । उसने फिर से कोशिश की, सामने आयी हुई लड़की को ठीक से देखने की । हाँ ये विद्या ही तो थी, जो उसके सामने खड़ी थी । ठीक उस रोज़ के बाद जब वो पुस्तकालय में मिली थी । जिंदगी भी क्या क्या अजीब मोड़ पर आकर रूकती है और ये ऊपर वाला भी ना जाने किन बीते हुए दिनों का ज़िक्र यूँ कर देता है, एक पल को तो विश्वास ही नहीं होता ।

उधर विद्या, सिद्धांत को देखकर कुछ असहज सी महसूस करने लगी थी । वही सिद्धांत जो कॉलेज के दिनों में हर लड़की को पसंद था । सभ्य, समझदार, शांत और बिलकुल नेकदिल । हाँ सभी तो जानते थे सिद्धांत के बारे में । लेकिन उसे तो कुछ और ही चाह थी । इन्हीं बातों में खोयी हुई विद्या लौटकर अपने घर बैठे उन लोगों के बीच खुद को पाती है ।

विद्या की माँ सिद्धांत से कहती है "बेटा कुछ लो, तुम तो तब से यूँ ही बैठे हुए हो । चाय ठंडी हो रही है, ये मिठाई भी खाओ बेटा " सिद्धांत चाय उठा लेता है । सिद्धांत के माता-पिता विद्या से बातें करते हैं । विद्या के पिताजी और माँ सिद्धांत से बातें करते हैं । कुछ समय यूँ ही गुज़र जाता है । सभी जानते थे कि विद्या खूबसूरत है और उसे नापसंद करने का कोई कारण नहीं हो सकता । तभी सिद्धांत के पिताजी के दोस्त, विद्या के पिताजी की ओर देखते हुए कहते हैं कि "लड़का-लड़की चाहे तो आपस में बात कर सकते हैं, क्यों गलत तो नहीं कहा ना मैंने किशोर जी"

"हाँ-हाँ क्यों नहीं, हमें कोई एतराज नहीं, आखिर जिंदगी भर का मामला है । आपस में लड़का-लड़की को बात तो करनी ही चाहिए ।" विद्या के पिताजी कहते हैं और फिर सब वहाँ से उठकर बाहर के बागीचे में चले जाते हैं ।

अब उस मेहमानों के कमरे में सिर्फ विद्या और सिद्धांत थे । दोनों को यूँ लग रहा था कि ये जिंदगी का सबसे कठिन दौर है जो अचानक से उनके सामने आ गया है । दोनों ही सोच रहे थे कि मैं क्या कहूँ ? क्या बात करूँ ? दो इंसान जो एक दूसरे को अच्छी तरह जानते थे, उनके पास आज शब्द नहीं थे इस ख़ामोशी को तोड़ने के लिये ।

तब सिद्धांत कमरे की पेंटिंग की ओर इशारा करते हुए कहता है "ये पेंटिंग बहुत खूबसूरत है, नहीं ?" विद्या पेंटिंग की ओर झिझकते हुए देखती हुई कहती है "हाँ" फिर मन ही मन सोचती है कि आखिर ये उसे क्या हो गया है ? ये पेंटिंग तो कभी उसने ही बनायीं थी और आज कोई उसकी प्रशंसा कर रहा है तो उसके पास शब्द नहीं है प्रतिउत्तर में कहने के लिये ।

फिर विद्या बोलती है "आप चाहो तो मैं ही मना कर दूँगी ताकि आपके घरवालो को बुरा न लगे कि आपने शादी के लिये मना कर दिया" सिद्धांत, विद्या की ओर देखकर कहता है "क्यों तुम शादी नहीं करना चाहती या मुझसे ही शादी नहीं करना चाहती ?" विद्या कुछ शांत सा हो जाती है फिर कहती है कि "नही, ऐसी तो कोई बात नही" सिद्धांत कहता है "कैसी ? कि शादी करना चाहती हो मगर मुझ से नही" विद्या कहती है "शादी तो करनी ही है । क्योंकि मैं नही चाहती कि मेरे माता-पिता मेरी वजह से परेशान रहे ।" सिद्धांत मुस्कुराते हुए कहता है "ठीक मेरी तरह" विद्या एकपल को सिद्धांत की ओर देखती है ।

सिद्धांत कहता है "देखो विद्या मुझे नही पता कि तुम्हारा अतीत क्या रहा । लेकिन एक बात जानता हूँ कि तुम अगर चाहो तो साफ़ साफ़ मना कर सकती हो और मुझे बुरा नही लगेगा । मेरा क्या है, मुझे तो शादी करनी ही है । वो तो किसी भी सुन्दर, पढ़ी लिखी और अच्छे परिवार की लड़की को देखकर मेरे घरवाले करना चाहते हैं । तुम मना कर दोगी तो कहीं और हो जायेगी ।" विद्या, सिद्धांत की एक एक बात सुन रही थी और उसकी नज़र कहीं शून्य में गुम थी । वो वहीँ मौजूद होते हुए भी खुद को ना जाने कहाँ पा रही थी । तब तक उन दोनों के माँ-बाप वहाँ आ जाते हैं । सिद्धांत के पिता के दोस्त बोलते हैं "तो क्या बात हुई ? क्या निष्कर्ष निकला बात करके ?"

सिद्धांत थोडा सा मुस्कुराता है और विद्या उठकर खड़ी हो जाती है । सिद्धांत की माँ कहती है "बैठो ना विद्या ।" विद्या बैठ जाती है । सिद्धांत के पिता के दोस्त सिद्धांत से कहते हैं कि "तो महाशय क्या जवाब है आपका ?" सिद्धांत विद्या की और देखने लगता है । विद्या उठकर जाने लगती है । सिद्धांत की माँ कहती है "देखो जी हमें तो लड़की बहुत पसंद है । सिद्धांत के पिताजी की ओर देखते हुए कहती हैं "क्या कहते हो जी ?" सिद्धांत के पिताजी कहते हैं "हाँ जी बिलकुल । हमें तो लड़की पसंद है । हमें कोई ऐतराज़ नही । बाकी लड़का और लड़की जाने ।"

सिद्धांत की माँ कहती है "सिद्धांत, बेटा बताओ कुछ । तुम्हारा मन क्या कहता है ?" सिद्धांत सामने लगी पेंटिंग की ओर देखता है फिर अपनी माँ की ओर देखकर कहता है "माँ अगर विद्या को सब पसंद है, वो अगर शादी करना चाहती है तो मुझे कोई ऐतराज़ नही । आप विद्या से पूँछ कर जवाब दीजिएगा ।"

सिद्धांत के पिता सागर जी, विद्या के माता-पिता से कहते हैं "अच्छा तो फिर हमें चलने की इजाज़त दीजिये । आप विद्या से पूँछना कि वो क्या चाहती है । आप हमें फिर जवाब दे दीजिएगा ।" उसके बाद सिद्धांत और उसके माता-पिता वहाँ से चले आते हैं ।

सिद्धांत और सिद्धांत के माता-पिता के चले जाने के बाद विद्या के माता-पिता विद्या से कहते है "हमें तो लड़का बहुत पसंद है । सभ्य है, सुन्दर है, सुधील है, कामयाब है । कॉलेज में प्रोफ़ेसर है । उसके माता-पिता भी बहुत अच्छे हैं । ऐसा ही रिश्ता तो हमें चाहिए था । क्या कहती हो विद्या ? तुम्हें सिद्धांत कैसा लगा ?" विद्या जो अपने माता-पिता की बात सुन रही थी और कुछ सोच रही थी, कहती है " सिद्धांत ने क्या कहा ? क्या वो शादी के लिये तैयार है ?"
विद्या की माँ कहती हैं "बहुत खुशनसीब होती हैं वो लडकियां जिन्हें ऐसा पति मिलता है जो अपने से पहले अपनी पत्नी की इच्छा का ख़याल रखता है । उसने यही कहा कि अगर विद्या को कोई ऐतराज़ नही तो मुझे भी कोई ऐतराज़ नही ।" विद्या अपनी माँ की बात सुनकर कुछ खामोश सी हो जाती है और कहती है "मुझे कुछ वक़्त दीजिये सोचने के लिये । मैं एक-दो दिन में जवाब देती हूँ ।"

अगली शाम विद्या अपनी माँ से कहती है "माँ क्या में सिद्धांत से एक बार और बात कर सकती हूँ ?" विद्या की माँ कहती है "क्यों अब क्या बात करना चाहती है ? उस दिन क्या बात नही कि थी ? या उस दिन कुछ अधूरा रह गया था ।" विद्या अपनी माँ के हाथों को पकड़ कहती है "माँ, आखिर जिंदगी भर की बात है । इतना हक़ तो बनता है । कुछ निर्णय बहुत मुश्किल होते हैं । उन्हें लेना तो और भी ज्यादा मुश्किल होता है । मैं एक बार और सिद्धांत से बात करना चाहती हूँ ।" विद्या की माँ कहती है "ठीक है, अगर तेरी यही मर्ज़ी है तो मैं सिद्धांत की माँ से बात करती हूँ ।"

विद्या की माँ सिद्धांत की माँ से सारी बात कर लेती हैं और उसके बाद यह निष्कर्ष निकलता है कि विद्या और सिद्धांत अगले रोज़ बाहर किसी रेस्टोरेंट में मिल लेंगे और जो बात करना चाहते हैं वो कर लेंगे।

सिद्धांत आज रेस्टोरेंट में बैठा हुआ विद्या का इंतज़ार कर रहा था तभी उसकी आँखों के सामने वो शाम आकर खड़ी हो गयी जब उसने विद्या से अपने दिल का हाल कहना चाहा था । जिस शाम के बाद की सारी रात उसने इंतज़ार करते करते वहीँ उस रेस्टोरेंट के सामने गुजार दी थी । अजीब इत्तेफाक है उस शाम का ज़िक्र भी ये आँखें अचानक आज यूँ इस तरह क्यों कर रही हैं । जो बहुत पहले कहीं पीछे छूट गया वो आज यूँ इस तरह सामने क्यों आ रहा है ? इसी सोच में डूबा सिद्धांत बैठा था कि तभी वहाँ विद्या पहुँच गयी । सिद्धांत की नज़र आती हुई विद्या पर पड़ती है ।
वही विद्या जिसके सामने पड जाने पर उसके दिल कि धड़कन तेज हो जाती थी, कलम अल्फाज़ लिखने को बेताब रहती थी । जिसको देख भर लेने से सिद्धांत को अपार ख़ुशी मिलती थी ।

विद्या सिद्धांत के पास पहुँच जाती है, सिद्धांत खड़ा होकर उसका स्वागत करता है और उसे बैठने के लिये कुर्सी देता है । अचानक से उनके बीच एक ख़ामोशी आ जाती है । तब न तो विद्या के पास कोई लफ्ज़ होते और ना ही सिद्धांत के पास पूँछने के लिये कुछ । तभी वेटर आकर उनकी ख़ामोशी तोड़ता है और कहता है "क्या लाना है सर ?" सिद्धांत उसकी ओर देखता है फिर विद्या की ओर और कहता है "मैं तो एक कॉफी लूँगा और तुम विद्या क्या लोगी ?"
विद्या ख़ामोशी तोड़ते हुए कहती है "ह्म्म्म, मैं भी कॉफी लूँगी ।"

वेटर के चले जाने पर सिद्धांत कहता है "माँ कह रही थी कि तुम मुझसे मिल कर और बात करना चाहती हो । पूँछो क्या पूँछना चाहती हो ? " विद्या सिद्धांत को एक नज़र देखती है और फिर कुछ सोचती है और कुछ कहना चाहती है तभी वेटर वहाँ आकर कॉफी रख जाता है । सिद्धांत कॉफी को विद्या की ओर बढाता है और अपनी कॉफी को होठों तक ले जाता है ।

विद्या, सिद्धांत को कॉफी पीते हुए देखती है फिर कहती है "सिद्धांत आप मुझसे शादी क्यों करना चाहते हैं ? मैं तो सोच रही थी कि आप मना कर देंगे ।" सिद्धांत कॉफी के कप को नीचे रखते हुए कहता है " क्योंकि मेरे पास मना करने का कोई कारण नही । मैं अगर किसी भी लड़की से शादी करूँगा तो क्या देखूँगा । कि वो सुन्दर है, पढ़ी लिखी है , उसके माता-पिता कैसे हैं ? अगर यह सब मुझे किसी भी लड़की में दिखता है तो मैं उससे शादी कर लूँगा अगर वो भी मुझसे शादी करना चाहती है तो ।"

विद्या बहुत ध्यान से सिद्धांत को सुन रही थी और फिर कहती है "आप मेरे बारे में जानते हुए भी शादी करना चाहते हो ?" सिद्धांत कहता है "क्या ? यही जानते हुए कि तुम्हारे पहले से प्रेम सम्बन्ध रहे हैं ।" विद्या, सिद्धांत को देखती है और हाँ में सिर हिलाती है फिर कॉफी की तरफ देखने लगती है ।" सिद्धांत कहता है "हाँ मुझे किसी की बीती हुई जिंदगी से कोई फर्क नही पड़ता । अब मान के चलो कि मैं तुमसे शादी न करके किसी और लड़की को देखकर शादी कर लेता हूँ और वो मुझे अपने अतीत के बारे में कुछ नही बताती, तो उससे ना ही तो मुझे फर्क पड़ता और ना ही उसमें मैं कुछ कर पाउँगा । इसी लिये मैं आज में जीते हुए निर्णय करता हूँ । अगर तुम मुझसे शादी करना चाहोगी तो मैं किसी भी अन्य लड़की की तरह तुमसे शादी करना चाहूँगा । वैसे भी तुम मेरे माता-पिता को कुछ ज्यादा ही पसंद हो ।"

विद्या कहती है "मगर मैं चाहती हूँ कि मैं पहले से ही सबकुछ बता कर रखूँ ताकि बाद में कोई समस्या ना आये ।"
सिद्धांत कहता है "मैंने कहा ना कि अगर अतीत बीत चुका है और तुम्हारा उस अतीत से अब अगर कोई सम्बन्ध नही तो मुझे कोई फर्क नही पड़ता ।" विद्या, सिद्धांत की आँखों में एक पल के लिये देखती है और फिर किसी सोच में चली जाती है । सिद्धांत चुटकी बजा कर कहता है "विद्या कॉफी ठन्डी हो गयी ।" विद्या पुनः अपने आप को उस रेस्टोरेंट में पाती है ।

विद्या कहती है "अब मैं चलूँ । वैसे भी अब काफी समय हो गया है ।" सिद्धांत मुस्कुराते हुए खड़ा हो जाता है । विद्या फिर वहाँ से चली जाती है । सिद्धांत अपनी आँखों से ओझल हो जाने तक उसे देखता ही रहता है ।

अगले रोज़ सिद्धांत की माँ को फ़ोन करके विद्या की माँ कहती हैं कि "समधिन जी, तो बताइए कब करनी है शादी ?"
सिद्धांत की माँ खुश होकर कहती हैं "तो क्या विद्या ने जवाब दे दिया ?" विद्या की माँ कहती हैं "हाँ, उसी की इच्छा जानने के बाद मैंने आपको फ़ोन किया है ।"

सिद्धांत की माँ कहती हैं "ठीक है, मैं आज ही पंडित जी से शादी की तारीख निकलवाती हूँ और आप भी पंडित जी को दिखा लीजियेगा" विद्या की माँ कहती है "ठीक है बहन जी, जो भी जल्द से जल्द तारीख निकले उसमें चट मंगनी और पट ब्याह कर दते हैं, नही तो ना जाने कब इन बच्चों का दिमाग बदल जाए" और फिर दोनों हँसने लगती हैं ।

शाम को सिद्धांत के घर आने पर, सिद्धांत की माँ उसे बताती हैं कि वहाँ से जवाब आ गया है । सिद्धांत पूँछता है "क्या ?" वो बोलती हैं "और क्या आएगा, मुझे तो पहले से ही पता था । अब तो जल्द से जल्द तारीख निकलवानी पड़ेगी और एक लड्डू लाकर सिद्धांत के मुँह में रख देती हैं ।" ये बात सुनकर सिद्धांत की आँखों के सामने पुनः पुराने दिन आकर खड़े हो जाते हैं । पुरानी चाहत, पुराने दिन । सब कुछ आकर उसके दामन को थामने की कोशिश करने लगते हैं । सिद्धांत एक गहरी साँस लेता है । ढलते हुए सूरज को देखता है और अपने कमरे में चला जाता है ।


अपने कमरे मैं बैठा किसी सोच में डूबा था कि तभी कुछ सफ़हे नाचते से दिखते हैं । ये हवा का असर था या इतने बरस बाद उन अल्फाजों के दर्द को मिली राहत का असर । जो भी था लेकिन एक सुखद एहसास था । सिद्धांत उन सफहों को छूकर देखता है, अचानक से वो तस्वीर सामने आ जाती है जिसे हॉस्टल के दिनों में देखकर सिद्धांत खुश हो जाया करता था । आज फिर से सब कुछ सामने था । सिद्धांत तस्वीर को उठाकर देखता है, मुस्कुराता है और पुनः उसे डायरी में रखकर, डायरी को बंद कर देता है ।

कल का सूरज अपनी रौशनी के साथ कुछ गुनगुनी धूप लाने जा रहा था और बीच की ये रात तमाम खूबसूरत ख्वाब बुनने के लिये बाहें पसारे खड़ी थी... अंतिम भाग पढने के लिये यहाँ ज़िक्र(एक प्रेम कहानी)-अंतिम भाग पर क्लिक करें

Read more...

ज़िक्र (एक प्रेम कहानी)

कुछ रातें ऐसी होती हैं जो जिंदगी में अपना असर छोड़ जाती हैं । वो रात भले ही बीत जाए लेकिन उसके बाद उम्र भर कुछ अनकहे धुंधले-से अक्स स्मृतियों में उलझे रह जाते हैं । जो पानी के दाग की तरह वजूद के लिबास पर हमेशा के लिए नक्श हो जाते हैं ।

ऐसी ही उस रात जब सिद्धांत 2 बजे अपनी डायरी के चंद सफहों को देखता और उनके अल्फाजों पर अपनी उंगलियाँ रखता तो उसकी आँखें डबडबा जाती । एक एक अल्फाज़ उसने इन पिछले बरसों में दिल से लिखा था । आज भी जैसे हर अलफ़ाज़ अपनी एक अलग ही कहानी कहना चाहता है । फिर उस तस्वीर को निकालता है, बस यूँ ही उसे एकटक देखता है, अपनी भर आयीं आँखों के आँसू पौंछता है । तभी उसका दोस्त साकेत उसके कंधे पर पीछे से हाथ रखता है । "उसको बता क्यों नहीं देता कि तू उसे कितना चाहता है" कहते हुए साकेत उसके सामने आता है । सिद्धांत हँसते हुए फोटो को देखता है और कहता है कि "ऊपर वाला दिल क्यों देता है इंसान को ? न ये कमबख्त दिल होता और ना ही इस दिल की ये तमाम मुश्किलें होतीं ।"

साकेत कहता है " ताकि उसके दिये हुए दिल की वजह से इस धरती पर इंसानियत कायम रहे और तुझ जैसा दिल भी ना जाने उसने किस फुर्सत में बनाया होगा । जो हर रोज़ दर्द सहता है और उफ़ तक नहीं करता । उससे अपनी मोहब्बत का इज़हार क्यों नहीं कर देता । क्यों नहीं बता देता उसे कि तेरी रूह तक में उतर गयी है वो । अरे कोई जाने ना जाने पर मुझे एहसास है कि तेरे लिखे हुए वो अल्फाज़ भी दर्द से रो पड़ते होंगे । मैंने छूकर देखा है उन अल्फाजों को, बहुत आँसू बहाते हैं वो, जैसे कि अभी अपने दर्द की कहानी मुझसे कहना चाहते हों । अरे तूने उन सभी अल्फाजों को जमा कर रखा है । उन्हें आज़ाद क्यों नहीं कर देता ? कह क्यों नहीं देता उससे कि तू उसे कितना चाहता है । "

सिद्धांत डायरी में फोटो रखकर डायरी को बंद करते हुए गहरी साँस लेता है और कहता है " काश कि मैं जता सकता उसे कि मैं उसे कितना चाहता हूँ । मगर अफ़सोस ये मुमकिन नहीं । तू तो जानता है कि वो किसी और को चाहती है । " साकेत सिद्धांत की आँखों में देखते हुए कहता है " देख सिद्धांत मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि अगर तूने अपने दिल की बात उसे नहीं बतायी तो तू जिंदगी भर यूँ ही अन्दर ही अन्दर तड़पता रहेगा । कुछ एहसासों को शब्द देना बहुत जरूरी हो जाता है मेरे यार । नहीं तो वो ताउम्र वजूद के लिबास पर हमेशा चिपके रहते हैं । न तो जीने देते और न ही मरने देते । मोहब्बत को पा लेना ही मोहब्बत नहीं कहलाती । अरे जिसको तुमने चाहा अगर उसे उस चाहत, उस मोहब्बत का एहसास करा दिया, उसे अपने दिल का हाल बयाँ कर दिया तो उससे दिल को जो सुकूँ हासिल होगा, उससे बढ़कर कोई सुकूँ नहीं । मेरे दोस्त इन चन्द बचे हुए दिनों में तू अपने दिल का हाल बयाँ कर दे और सारी जिंदगी का सुकूँ हासिल कर ।"

सिद्धांत साकेत की बातें सुन अपनी आँखें बंद कर कुर्सी पर बैठा बैठा कुछ सोचने लगता है । साकेत, सिद्धांत का हाथ पकड़ अपने सर पर रखकर कहता है "तुझे मेरी कसम है कि तू इन चन्द बचे हुए दिनों में उसे अपने दिल का हाल बता देगा ।" सिद्धांत एक पल साकेत को देखता रहता है और कहता है "हाँ मैं कहूँगा ।"

अगले रोज़ कॉलेज के पुस्तकालय में किताबों की कतारों के दरमियाँ विद्या को पाकर सिद्धांत उसके पास जाकर पीछे से कहता है "विद्या मैं तुमसे कुछ बात करना चाहता हूँ ।" विद्या, सिद्धांत की ओर मुड़कर कहती है "हाँ, कहो, क्या बात है ?"

"न-न यहाँ नहीं, यहाँ मुनासिब नहीं, क्या तू शाम को 6 बजे शहर के मंदिर के पास वाले रेस्टोरेंट पर मिल सकती हो ।" कहते हुए सिद्धांत विद्या के चेहरे को देखता है । विद्या, सिद्धांत से कहती है "ठीक है, मैं आ जाऊँगी और अगर ना आ सकी तो मैं फ़ोन कर दूंगी ।" सिद्धांत कहता है "पक्का ?"
"हाँ बाबा पक्का" कहती हुई विद्या चली जाती है ।

वो इंजीनियरिंग कॉलेज में सिद्धांत की विद्या से की हुई आखिरी बात थी । उस शाम न तो विद्या आयी और न ही उसका कोई फ़ोन आया । सिद्धांत इंतज़ार करता ही रहा, करता ही रहा । वो तो ना जाने कब तक इंतज़ार करता रहता । जब सुबह तक सिद्धांत हॉस्टल नहीं लौटा तो साकेत उसे वहाँ से जाकर ले आया । "पागल हो गया है क्या, सारी रात यहाँ रेस्टोरेंट के बाहर गुजार दी । अरे नहीं आयी तो नहीं आयी । अब ख़त्म कर ये किस्सा । गलती मेरी ही थी जो मैंने तुझे कसम दी ।" कहता हुआ साकेत हॉस्टल के उस कमरे में बैठा हुआ खुद को दोषी पा रहा था ।

उस रात ने ऐसा असर छोड़ा कि हमेशा जहन में बैठ गयी । अगले 5 साल तक उसका असर रहा । लेकिन कुछ किस्से आसानी से ख़त्म नहीं होते । शायद उन्हें अपना बाकी का हिस्सा जीना होता है । शायद उन्हें टुकड़ों में जिंदा रखकर ऊपर वाला कोई बात कहना चाहता है । ऐसा ही हुआ जब 5 साल बाद एक रोज़....
अगला भाग पढने के लिये ज़िक्र(एक प्रेम कहानी)-भाग 2 पर क्लिक करें

Read more...

ख़ामोश सा अफ़साना !!

>> 06 December 2009

कभी कभी लगता है कि दूर तलक चली जाती खामोश सड़क पर मैं तुम्हारे हाथों में हाथ डाल कर यूँ ही खामोश चलता चलूँ-चलता चलूँ । कभी कभी खामोश रहना भी कितना सुकून देता है, है न । तुम्हें पता है कि जब ख़ामोशी जुबां अख्तियार कर लेती है तो बहुत सी बातें ऐसी होती हैं जो हमारे सीने में दफ़न होती हैं, उन्हें ख़ामोशी ख़ुद-ब-ख़ुद दूजे के दिल तक पहुँचा देती है । कितना आसान है न ख़ामोशी की जुबां को समझना, या शायद हमें समझने की जरूरत कहाँ पड़ती है, वो तो ख़ुद-ब-ख़ुद हमारे कानों में संगीत बनकर गूंजती है ।

एक अर्सा हुआ जब से कुछ खोया-खोया सा जुदा-जुदा सा लगता है । लगता है कि कुछ है, जो यूँ ही समझ नही आएगा । मन करता है एक बार फिर से वही सब करूँ, वही सब सुनूँ, वही सब महसूस करूँ जो तुम्हारे और मेरे दरमियाँ होता रहा । तुम्हें याद है न वो सब...याद ही होगा...अभी जैसे कुछ रोज़ पहले की ही सी तो बात है । जब तुम मेरे साथ साइकिल के अगले हिस्से पर बैठ कितनी खुश हुआ करती थीं । उन भेड़ों को हांकने वाले को जबरन परेशान करने के लिए तुम घंटी बजा दिया करती थीं । कैसे खिलखिला कर हँसती थीं तुम, जब वो बोला करता कि क्या दीदी आप भी ।

जब उस हलकी हलकी उग आई हरी घास पर लेटे हुए आसमान में देखा करते और हमारे बीच कई कई बीत गये हुए पलों तक बात न हुआ करती । कैसे हम एक दूजे के दिल का हाल जान लेते थे बिना कहे, जैसे तुम कहना चाहती हो कि देखो तो वो वाला बादल दूल्हा सा लग रहा है और वो देखो वो टुकड़ा दुल्हन, कितनी खूबसूरत लग रही है न। देखो दूल्हा कैसे मुस्कुरा रहा है । ऐसी कितनी ही तो बातें थी जो हमारे दरमियाँ उस ख़ामोशी में हो जाया करती थीं।

जब तुम करवट बदल मेरे सीने पर अपने सर को रख लेती तो सच मानों उस पल लगता मैं जन्नत में हूँ । नहीं जानता कि कैसी होती होगी, लेकिन इससे अच्छी तो नही होगी न । तुम हो, मैं हूँ, हमारी बातें हैं, बेफिक्री वाला दिन, खुला आसमान, हरी घास, मदमस्त उड़ते से रंग बिरंगे पंछी, वो तितलियाँ और वो तुम्हारे झूठ बोलकर घर से बनाकर लाये हुए मेरे लिए परांठे । कभी तो लगता है कि जन्नत भी क्या ख़ाक होगी इसके आगे ।

जब तुम घास के तिनके को बार बार तोडा करतीं तो पता लग जाता कि कुछ सोच रही हो, किसी उलझन में हो । हर बार ही तो मैंने तुम्हें इसी तरह उलझन में पाकर तुम्हारे हाथों को अपने हाथों में लेकर और तुम्हारी आंखों में झाँककर पूँछा, कि क्या बात है और तुम भी न कह देतीं कि कुछ नहीं, कुछ भी तो नहीं । लेकिन अगले ही पल कैसे तुम सभी बातें कह दिया करती । तुम्हारी वो बातें, ढेर सारी बातें, प्यारी प्यारी, अपनी सी, भोली सी, मासूम सी । जिनसे मुझे उतना ही प्यार हो चला था जितना कि तुमसे, तुम्हारी प्यारी आंखों से, तुम्हारी उस मुस्कराहट से, तुम्हारी उन बच्चों जैसी हरकतों से था । सच में वो ख़ामोशी भी बहुत खूबसूरत हुआ करती थी । अपने अपने हाले-दिल बयाँ करने के लिए सबसे खुशनुमा, सबसे संजीदा और बिल्कुल अपनी सी ।

तुम्हें पता है कि उस ख़ामोशी में हम अपने सारे गम, सारी खुशी बाँट लेते थे । वो ख़ामोशी हमारी दोस्त हो जाया करती थी । उस ख़ामोशी के बने हुए तमाम अफ़साने हैं, जो मेरे जहन में जब तब यूँ ही आ जाया करते हैं और मैं मुस्कुरा जाया करता हूँ । ठीक उसी मुस्कराहट के जैसे जो तुम्हें सबसे अज़ीज थी । क्या वो खामोश से अफ़साने तुम्हारे पास भी आते हैं गुफ़्तगू करने...

Read more...

मेरे कमरे की दीवार

>> 24 October 2009

संभव है तुम्हें ये बहुत अजीब लगे...कि आजकल मैंने अपने कमरे की दीवार से दोस्ती कर ली है...जब थक जाता हूँ तो यूँ ही मुझे निहारा करती है और मुझसे ढेर सारी बातें करती है...हाँ वो सभी बातें जो मैं करना चाहता हूँ...वो ध्यानमग्न होकर मेरी बातों में खो जाती है...पता है अब तक की गयी उससे सभी बातें उसे याद हैं...और जब तब वो मुझे उसी दुनिया में ले जाती है जहां वो सभी सपने और वो सभी बातें बिखरी पड़ी होती हैं...वो हर बात से मेरी मुलाकात कराती है

अभी कल ही तो देखा था मैंने अपने कमरे की दीवार को...बिलकुल एकटक मुझे प्यार से देखे जा रही थी...निगोडी को जरा सी भी शर्म नहीं आती...आये दिन ऐसे ही मुझे देखती रहती है...शायद मेरी आदत उसे भी लग गयी है...मैं भी तो उसे यूँ ही एकटक देखता रहता हूँ...उसमें कुछ खोजता सा...शायद वो बातें...वो पुरानी यादें...

शायद तुम्हारा चेहरा...या शायद वो गुलाब जो मैंने पहली रोज़ तुम्हें दिया था...वो हवा में उड़ते हुए बाल जिनमें उस गुलाब को मैंने लगाया था...वो सब मुझे दिखाती है...शायद ऐसा लगता है कि वो कोई सिनेमा का पर्दा है और उसके पीछे हसीं ख्वाबों से सजी हुई दुनिया है जो रील बाई रील चल रही है...कहीं आगे बढ़ने या पीछे करने की जरूरत नहीं पड़ती...वो मुझे वही सब दिखाती है जो मुझे देखना है...पता नहीं उसे कैसे मालूम कि मैं यही देखना चाहता था

उसने भी तो वो सब कुछ याद कर रखा है...और उसके पास हर वो तमाम यादों को याद कर कर मेरे सामने लाने का तजुर्बा होता गया है...उसे सब कुछ याद है...तुम्हारी और मेरी उससे चिपकी हुई ढेर सारी बातें मुझे कल ही उसने मेरा हाथ पकड़ कर स्पर्श करायीं...जो हमने देर रात तक उससे अपने अपने सर को टिकाकर आपस में की थीं.

वो तुम्हारी उँगलियों के स्पर्श से बनी तमाम कलाकृतियाँ मुझे मुस्कुराती सी नज़र आती हैं. तुम्हारे नयनों से उधार लिए गए रंगों को वो आज भी बदस्तूर संभाले हुए है...हर रोज़ एक नया रंग नज़र आता है मुझे उसमें...हाँ तुम्हारा रंग...प्यार का रंग...ख़ुशी का रंग...तकरार का रंग...तुम्हारे होठों का रंग...तुम्हारे ख्यालों का रंग...उस एहसास का रंग जो साथ होने से बनता है.

कल ही वो इन तमाम रंगों में रंगी मुझे इन्द्रधनुष सी जान पड़ी...और बाहें फैलाए मुझे अपने आप में खोयी हुई दुनिया मेरे सामने ले आई...हाँ वही सब कुछ तो था...खुला हुआ दूर तक आसमान...महकते हुए गुलाब...बिखरे पड़े फुर्सत के लम्हे...तितलियों की तरह आपस में बातें करती हवा में उड़ती तेरी मेरी बातें...और तुम्हारे दामन से लिपटा हुआ में...वो तुम्हारे उँगलियों का मेरे सीने पर बेतरतीब सी शक्लें बनाना...और बिलकुल पास महसूस होती हुई तेरी मेरी साँसे...और घुलती हुई खुशबू.

हाँ मेरे कमरे की दीवार आज भी सब कुछ संभाले हुए है...आज भी वो उस एहसास को साथ लेकर रहती है...जो तेरे और मेरे होने से बनता है...जो स्पर्श से बनता है...जो साँसों के घुलने से बनता है...जो आपस में बात करती हुई तेरी-मेरी बातों से बनता है

Read more...
Related Posts with Thumbnails
www.blogvarta.com

  © Blogger template Simple n' Sweet by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP